कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी। संवाद
शाहजहांपुर। कलक्ट्रेट परिसर में सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अपूर्वा सिंह को सौंपा। इसमें लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज का विरोध करते हुए दोषी पुलिस अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
बार के महासचिव नंदकिशोर उर्फ राजेश अवस्थी ने कहा कि लखनऊ के अधिवक्ताओं पर पुलिस के बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज से अधिवक्ताओं में रोष है। सभी अधिवक्ता इस घटना की निंदा और भर्त्सना करते हैं। उत्तर प्रदेश शासन से अधिवक्ताओं ने मांग करते हुए कहा कि लखनऊ की घटना की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
लाठीचार्ज में घायल अधिवक्ताओं को पांच-पांच लाख का मुआवजा दिया जाए। शासन ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए, जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन देने वालों में बार अध्यक्ष सरनाम सिंह यादव, धीरेंद्र कुमार मिश्र, वैभव श्रीवास्तव, विवेक कुमार यादव, अक्षय अवस्थी सहित कई अधिवक्ता शामिल रहे।