कलक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपते सक्षम संस्था के पदाधिकारी। स्रोत : संस्था
शाहजहांपुर। समदर्शी क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) ने देवी-देवताओं की तस्वीरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की। कलक्ट्रेट में विभाग संयोजक नीरज वाजपेयी और महानगर संयोजक अजय कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
नीरज वाजपेयी ने कहा कि धार्मिक चित्रों का उपयोग पूजा और श्रद्धा के लिए होना चाहिए, व्यापारिक लाभ या सजावट के लिए नहीं। कार्ड, बैग, डिब्बे, पैकेजिंग, अगरबत्ती-धूपबत्ती और कपूर जैसी वस्तुओं पर भगवान की तस्वीरें छापना उचित नहीं है। इन वस्तुओं के बाद में जमीन, कूड़े या गंदगी में पहुंचने से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
उन्होंने धार्मिक चित्रों के उपयोग के संबंध में सरकार से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और भूख हड़ताल की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में सुशील कुमार, योगेंद्र मोहन त्रिपाठी, बेणु गोपाल त्रिपाठी, नीतू मिश्रा, अजय मिश्रा समेत अन्य लोग शामिल रहे। संवाद