पुवायां (शाहजहांपुर)। दिल्ली के मध्य जिला के थाना करोलबाग की पुलिस 42.39 लाख रुपये की चोरी के मामले में गांव टकेली के दो आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं।
पुवायां आए दिल्ली पुलिस के दरोगा ने बताया कि चार नवंबर को करोलबाग स्थित थोक मोबाइल की दुकान में चार लोग घुसे गए थे और 42.39 लाख की नकदी चोरी कर ले गए थे। शिकायतकर्ता ने ई-एफआईआर दर्ज करवाई थी। दुकान के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई और उनके कॉल डिटेल की जांच की गई।
सीसी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान पुवायां के गांव जारमानो के ऋषभ, गांव टकेली के अविनाश, अजय आदि के रूप में हुई थी। चोरी में दुकान में काम करने वाले सूरज की मिलीभगत थी। सूरज और रिषभ गिरफ्तार हो चुके हैं। सूरज के पास से 13 लाख रुपये भी बरामद हुए थे।
दिल्ली पुलिस कोर्ट से रिमांड पर रिषभ को लेकर पुवायां आई और उसके घर से चोरी के रुपयों से खरीदी गई कार बरामद की। टकेली के आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन दोनों घर से नदारद मिले। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस चोरी के आरोपियों की तलाश में आई है।