पुवायां रोड पर नियामतपुर मोड़ के पास बृहस्पतिवार सुबह रोडवेज बस से कुचलकर युवती की मौत हो गई, जबकि उसके बहनोई और उनका मासूम बेटा मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।
थाना सिंधौली क्षेत्र के गांव दीवाली निवासी 16 वर्षीय चंदा अपनी बड़ी बहन रिजवाना की एक जुलाई को होने वाली शादी के लिए बृहस्पतिवार सुबह अपने बहनोई निगोही निवासी अली मोहम्मद के साथ बाइक से शाहजहांपुर खरीदारी करने जा रही थी। बाइक पर बहनोई का तीन साल का मासूम बेटा यूनुस भी बैठा था। पूर्वान्ह साढ़े ग्यारह बजे बाइक नियामतपुर मोड़ के नजदीक पहुंची, तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही चंदा बाइक से सड़क की तरफ गिर गई इससे रोडवेज बस का पहिया उसके सिर से होकर निकल गया। अली मोहम्मद और यूनुस दूसरी तरफ गिरे। लिहाजा उन्हें मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही सिंधौली थानाध्यक्ष डीसी शर्मा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेने के साथ ही ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।