फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: शहतूत के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

विज्ञापन
रवि गुप्ता का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। रोजा की आईटीआई कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय रवि गुप्ता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका शव आईटीआई काॅलोनी के पीछे शहतूत के पेड़ से लटका मिला। भाई गुड्डू ने शव की हालत देखकर हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन

गुडडू ने बताया कि छोटा भाई रवि दीपावली की रात 12 बजे घर से निकला था। घर न लौटने पर भाई को फोन लगाया। कॉल जाती रही, लेकिन फोन नहीं उठा। पूरी रात भाई के घर न पहुंचने पर परिवार के लोग परेशान रहे। मंगलवार सुबह भाई की तलाश शुरू की। कुछ लोगों ने बताया कि रवि को दो लोगों के साथ देखा था, लेकिन वह कौन लोग थे। इसकी कोई जानकारी नहीं है।
इसके बाद लोगों से पता चला कि कॉलोनी के पीछे एक युवक का पेड़ से शव लटका है। मौके पर गए तो शव रवि का निकला। भाई के गले में अंगौछे का फंदा पड़ा था। ऐसा लग रहा था कि भाई को फंदा लगाकर पेड़ पर बैठा दिया। हालात देख लग रहा है कि भाई की हत्या की गई है। किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। घर पर कोई अनबन भी नहीं हुई, लेकिन भाई के साथ कुछ गलत हुआ है। रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन


20 दिन पूर्व दिल्ली से आया था रवि
गुडडू ने बताया कि भाई रवि दिल्ली में काम करता था। अभी 20 दिन पूर्व ही दिल्ली से आया था। दीपावली नजदीक होने के चलते त्योहार मनाने के लिए यहीं रुक गया था। साथ में गल्ला मंडी में काम करने लगा था। उन्होंने बताया कि भाई की शादी करीब चार साल पूर्व खुटार की ज्योति के साथ हुई थी। भाई की तीन माह की बेटी परी है। भाई की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
00
संदिग्ध हालात में पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव



तिलहर। बहन के घर जोधपुर नवदिया गए बरहा मोहब्बतपुर गांव के प्रीतम लाल (40) का शव दीपावली के दिन गांव के बाहर जंगल में एक पेड़ से संदिग्ध हालात में फंदे से लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर गई पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया, लेकिन अभी घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।



प्रीतम के भाई ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि उनका भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ था। यह भी बताया कि प्रीतम गत 15 अक्तूबर को बहन कुसुम की ससुराल जोधपुर नवदिया गया था। देर शाम तक नहीं लौटने पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर जंगल में नाले के पास एक पेड़ से शव लटका देखकर पुलिस को सूचना दी।



मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने शव को नीचे उतरवाकर शिनाख्त कराई और इसके बाद प्रीतम के घरवालाें को सूचना दी। पोस्टमाॅर्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रीतम की मौत से बहन कुसुम के अलावा मां गंगा देवी, भाई ओमप्रकाश और बसंतलाल का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
00
दो दिन पूर्व दिल्ली से लौटे युवक का कमरे में लटका मिला शव

शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के बन्नू नगला उर्फ नगरिया गांव निवासी 28 वर्षीय राजू की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मंगलवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरंभिक जांच की। पता चला कि राजू दिल्ली में काम करता था। अभी दो दिन पूर्व ही वह दीपावली का त्योहार मनाने के लिए दिल्ली से लौटकर घर आया था। सुबह जब परिवार के लोग कमरे में गए तो उसका शव फंदे से लटका था। परिवार के लोगों ने चुप्पी साध ली है। बताते हैं कि किसी वाहन को लेकर कहासुनी हुई थी। मदनापुर थाना प्रभारी विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। संवाद
00
बुजुर्ग की मौत, दोस्त पर मारपीट करने का आरोप

मिर्जापुर। मिर्जापुर के गौटिया बानगांव निवासी 55 वर्षीय धर्मपाल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक के भाई ने दोस्त पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
खुशीराम ने बताया कि छोटा भाई धर्मपाल टुईया नाम के व्यक्ति का खेत बटाई पर करता था। अधिकतर खेत पर बनी झोंपड़ी में रुक जाता था। रात को भाई धर्मपाल ने एक दोस्त के साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद उनका किसी बात पर दोस्त से विवाद हो गया। आरोप है कि दोस्त ने उसके साथ मारपीट की। इस बीच एक ग्रामीण की सूचना पर उसके बेटे अंकित और सवलेश मौके पर गए। देखा कि भाई धर्मपाल को उनका दोस्त साइकिल पर बैठा रहा था। उनके बेटों को देख वह भाग गया। इसके बाद भाई की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। आरोप है कि भाई की मौत मारपीट की वजह से हुई है। मिर्जापुर थाना प्रभारी सोनी शुक्ला ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
00
नवविवाहिता ने संदिग्ध हालात में दम तोड़ा


कांट। रसकूपा बहादुरपुर गांव में सोमवार की रात अखिलेश वर्मा की पत्नी प्रिंसी (21) की संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। शाहजहांपुर के मोहल्ला ककरा बुजुर्ग निवासी प्रिंसी का छह माह पूर्व गत अप्रैल में विवाह हुआ था।

प्रिंसी के पति ने मंगलवार को सुबह थाने जाकर पत्नी की मौत हो जाने की सूचना दी। उन्हाेंने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम प्लाईवुड फैक्टरी में काम करके घर लौटने पर पत्नी उल्टी कर रही थी। रविवार को भी उसे उल्टियां आईं तो एक निजी अस्पताल ले गए। वहां पत्नी ने डाॅक्टर को बताया कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है।
डॉक्टर ने पत्नी को भर्ती कर इलाज किया और सोमवार को तबीयत ठीक हो जाने पर वह पत्नी को घर ले आए। रात में उसकी हालत फिर खराब हो जाने से उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा गया है, लेकिन अब तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। संवाद

रवि गुप्ता का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें