शाहजहांपुर। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रताप सिंह राठौर ने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों को बैंक एवं किसानों के हित में कार्य नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। शुक्रवार को डीसीबी प्रबंध समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि बैंक का पूरा बोर्ड उपभोक्ताओं को उच्चस्तरीय सेवाएं देने को प्रतिबद्ध है और इस संकल्प में आड़े आने वाले बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इससे पूर्व, बैठक का संचालन करते हुए डीसीबी के सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी ने गत बैठक की कार्यवाही पढ़ी और सदन ने उसकी पुष्टि कर दी। इस मौके पर वित्तपोषित चीनी मिलों की ऋण सीमा स्वीकृति, विनियोजन समिति के निर्णयों का अनुमोदन, बैंक में एटीएम, ई-लाबी, माइक्रो एटीएम एवं सहवर्ती उपकरणों की स्थापना, बैंक कर्मियों की ग्रेच्युटी सीमा विस्तार एवं वर्ष 2018-19 के बोनस भुगतान, बैंक स्टाफ की कैश क्रेडिट लिमिट बढ़ाने, पीआरडी जवानों की नियुक्ति, देयों की वसूली, प्रथम एवं द्वितीय तल की बैंक शाखाओं को भूतल पर लाने आदि प्रस्तावों पर विचार विमर्श के बाद डीसीबी चेयरमैन ने जरूरी दिशा निर्देश दिए।
ऋण की वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने पर बैंक अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि नाकारापन एवं लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी। क्योंकि बोर्ड अच्छे प्रस्तावों का अनुमोदन कर बैंक को सही दिशा देना चाह रहा है। बैठक में डीसीबी के उपाध्यक्ष अजय प्रजापति, पूर्व अध्यक्ष एवं संचालक भूपेंद्र सिंह भन्नू, अंशुल चौहान, अनुराग कठेरिया, निरुणा दीक्षित, संजय कुमार सिंह, देवनरायन मिश्र, वीरभान सिंह, बैंक के उप महाप्रबंधक एसपी त्रिपाठी, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक राजेश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।