खिरनीबाग चौराहा के पास गड्ढे में फंसी ट्रॉली। जागरूक पाठक
शाहजहांपुर। सीवर लाइन डालने में बरती गई लापरवाही से शहर के मैनहोल के पास खतरा मंडरा रहा है। खराब गुणवत्ता के कारण कहीं इनके ढक्कन टूट रहे हैं तो कहीं पास की सड़क धंस रही है। मामला सामने आने के बाद अफसर सिर्फ मरम्मत की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खिरनीबाग चौराहा के पास ईंटों से भरी ट्रॉली मैनहोल के पास धंस गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रॉली को निकाला जा सका। इस वजह से काफी देर तक लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई।
जिला पंचायत कार्यालय के सामने मैनहोल का ढक्कन पूर्व में क्षतिग्रस्त हो गया था। उसको बदलवाया गया, लेकिन नया ढक्कन भी टूट गया। इसकी मरम्मत कराई गई, लेकिन यह फिर से टूट गया। इसके बाद मैनहोल के ऊपर पुलिस की बैरिकेडिंग लगा दी गई है। यहां पर तीव्र मोड़ है। इस कारण बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
मानक के मुताबिक, मैनहोल को सड़क के बराबर होना चाहिए, मगर अधिकतर स्थानों पर ऐसा नहीं है। टाउनहॉल रोड पर मैनहोल के कई ढक्कन सड़क से ऊंचे हैं। स्टेट बैंक के सामने, आर्य समाज मंदिर के पास भी ऐसा ही कुछ हाल है। वहीं, कुछ जगह पर मैनहोल के पास सड़क धंसी हुई है। बहादुरगंज से मशीनरी मार्केट होकर घंटाघर तक सीवर के मैनहोल सड़क से ऊंचे और नीचे हैं। अंटा चौराहा से पुराने जिला अस्पताल की तरफ जाने वाली सड़क पर भी मरम्मत का काम चल रहा है। इस रूट से ई-बस का भी संचालन होता है।
लगभग आधी सड़क घिरी होने के कारण दिनभर वाहन जाम में फंसते हैं। सदर चौराहा से कचहरी जाने वाली सड़क पर नगर निगम ने चोक पुलिया को एक तरफ से तोड़ दिया। यहां पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बनी रही। नगर निगम की ओर से काम चलने का कहीं भी संकेतक नहीं लगाया गया था।
खिरनीबाग चौराहा के पास गड्ढे में फंसी ट्रॉली। जागरूक पाठक