पुवायां। खेत की बाड़ के तारों से करंट लगने से दम तोड़ने वाले अंकित गौतम (25) की शादी कुछ माह में ही होने वाली थी। इसके लिए कई बार रिश्तेदार आ चुके थे, कई लोगों से बात भी हो रही थी। अंकित अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई लेखराज, सूरजपाल, धनंजय की शादी हो चुकी है। सभी अपने अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। अंकित अपनी मां सुमित्रा और पिता भाईलाल के साथ रहता था। अंकित मजदूरी कर पिता, मां और खुद का खर्च चलाता था। परिवार के लोगों ने बताया कि भाईलाल जल्द ही अंकित की शादी करने वाले थे।
मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था अरविंद
अरविंद कुमार का परिवार भी बहुत गरीब और भूमिहीन है। अरविंद मजदूरी करके अपनी पत्नी वेदमती, तीन बेटियों और दो बेटों का भरण पोषण करता था। अरविंद के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और अरविंद के दो भाइयों की मानसिक स्थित ठीक नहीं है। अरविंद की मौत से पत्नी और बच्चों के सामने परिवार चलाने की समस्या खड़ी हो गई है।
दो दिन पहले हो चुकी है दो सांड़ों की मौत
गांव लखोहा के ग्रामीणों ने बताया कि जिस खेत में तारों से करंट लगने से अंकित और अरविंद कुमार की मौत हुई है। इसी खेत में दो दिन पूर्व शनिवार को करंट लगने से दो सांड़ों की मौत हो गई थी। रविवार सुबह खेत स्वामी ने सांड़ों को उठवाकर दूर डलवा दिया था। बताया जाता है कि खेत गांव के पास होने के कारण गांव के लोग शौच के लिए खेत में जाते थे, इस कारण खेत ठेके पर लेने वाले भोला ने कुछ दिन से तारों में करंट छोड़ रखा था।
करंट दौड़ाया, लेकिन कोई बोर्ड नहीं लगाया
आमतौर पर लोग अपने खेतों में खड़ी फसलों को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए कंटीले तार लगाते हैं। तार लगने से पशु खेतों में नहीं घुस पाते हैं, लेकिन कुछ लोग तारों में हल्का करंट छोड़ देते हैं, ताकि पशु करंट लगते हैं ही भाग जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि भोला ने नलकूप की बिजली की लाइन से ही सीधे डबल फेस करंट तारों में छोड़ दिया था, इससे यह घटना हो गई।
विद्युत सुरक्षा निदेशालय की टीम करेगी जांच
खेत की बाड़ में करंट प्रवाहित करने और उससे दो लोगों की मौत के मामले की बिजली विभाग सक्रिय हुआ है। एसडीओ रामाशंकर ने बताया कि खेत की बाड़ में करंट छोड़ना गलत है। मामले की रिपोर्ट विद्युत सुरक्षा निदेशालय को भेजी जाएगी। टीम मामले की जांच करेगी। इसके बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। अन्य स्थानों पर भी खेतों की बाड़ की जांच कराई जाएगी।
गांव लखोहा में रोते बिलखते अंकित के घरवाले- फोटो : POWAYAN