शाहजहांपुर। ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगलवार को मंदिरों और घरों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। जगह-जगह भंडारे में राहगीरों व श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान बजरंग बली से बल, बुद्धि और विद्या का वर मांगा।
मंगलवार को शहर के विसरात रोड पर स्थित हनुमत धाम, मोहन गंज में संकट मोचन मंदिर, गर्रा पुल पर पंचमुखी हनुमान मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। यहां पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के परमभक्त व अपने भक्तों के संकट को हरने वाले हनुमान जी के दर्शन किए। हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया। घरों में भी सुंदर कांड का पाठ हुआ।
रोजा रेलवे स्टेशन मठिया कॉलोनी, बस अड्डा, मंडी, रेलवे चालक विश्रामगृह, सुभाष चौराहा, लंगोटी बाबा मंदिर, हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड का पाठ हुआ। रोजा बस अड्डे पर भंडारा हुआ। इसके साथ ही रोजा लोको सेक्टर की ओर से लोको पायलट विश्रामालय के पास हलवा चने का प्रसाद वितरण हुआ। इस मौके पर राजू गुप्ता, श्याम गुप्ता, राम रतन, मुकेश, लोको इंस्पेक्टर धीरेंद्र झा, पदम सिंह मीणा, महेश चंद मीणा, अनिल कुमार, आर्यन, रेवती रमण आदि मौजूद रहे। संवाद