भाई ने लगाया हत्या का आरोप, पति बोला खुदकुशी की है
बच्चों के बीच विवाद होने पर उठाया आत्मघाती कदम
संदिग्ध हालात में आग से झुलसी महिला ने जिला अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। मृतका के भाई ने ससुरालवालों पर जलाकर मार डालने का आरोप लगाया है। वहीं पति का कहना है कि बच्चोें के बीच घर में विवाद होने पर गुस्से में खुद आग लगाकर जान दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
जनपद हरदोई के पिहानी कोतवाली क्षेत्र के गांव महमंदपुर भगत निवासी ईश्वरा देवी (40) की छोटी बेटी पूजा (6) और देवर मनोज की बेटी तान्या (4) से खेल-खेल में बुधवार सुबह झगड़ा हो गया। दोनों बच्चों ने परिजनों से शिकायत की, तो विवाद बड़ों में भी हो गया। संतोष ने पत्नी ईश्वरा को चुप रहने की हिदायत देते हुए डांट दिया। इसके बाद मामला शांत हो गया। संतोष बड़े बेटे विमल (17) के साथ सल्लिया स्थित साइकिल की दुकान खोलने चला गया। कुछ देर बाद गांववालों के जरिये उसे पत्नी के जल जाने की सूचना मिली। वह घर पहुंचा तो पत्नी बुरी तरह से झुलसी थी। वह उसे लेकर दोपहर 12 बजे शाहजहांपुर जिला अस्पताल आया। कुछ देर बाद ईश्वरा देवी ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष से थाना सिंधौली के गांव महाऊ महेश निवासी भाई बिल्लू जिला अस्पताल पहुंचा तो उसने बहनोई संतोष पर बहन को जलाकर मार डालने का आरोप लगाया। बिल्लू ने बताया कि छह साल पहले संतोष ने बहन को बहुत पीटा था। इस मामले की उसने पिहानी थाने में तहरीर भी दी थी, लेकिन तब माफी मांगने पर तहरीर वापस ले ली थी, लेकिन इस बार बहन को जलाकर मार दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतका की शादी 25 साल पहले हुई थी। उसने तीन बच्चे हैं, जिनमें विमल (17), अंजलि (14), पूजा (6) है।