- पुलिस ने चिता से अधजला शव निकलवाकर कराया पोस्टमार्टम
क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर में मंगलवार सुबह सात बजे विवाहिता को उसके पति ने लाठी-डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। इसके बाद ये लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट के लिए ले गए। यहां इन लोगों ने उसकी चिता में आग लगा दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधजली लाश अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना क्षेत्र के गांव बाखरपुर निवासी शिवराज पुत्र इंदर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी 35 वर्षीय शारदा का विवाह धर्मपाल पुत्र बादशाह सिंह के साथ किया था। शादी के छह वर्ष बाद धर्मपाल की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों और रिश्तेदारों के मौजूदगी में बेटी का विवाह धर्मपाल के छोटे भाई चरन सिंह के साथ करा दिया गया। उन्होंने बताया कि शादी के कुछ महीनों के बाद वह शारदा के साथ मारपीट करने लगा। इससे शारदा परेशान रहती थी। अभी पंद्रह दिन पहले शारदा ने एक पुत्री को जन्म दिया था। बच्ची के जन्म के बाद भी चरन ने शारदा की पिटाई की। मंगलवार सुबह सूचना मिली कि उसके पति चरन सिंह ने शारदा को पीट-पीट कर मार दिया। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर वह अपनी पत्नी प्रागा देवी और दामाद महावीर के साथ हिम्मतपुर पहुंच गए। वहां ग्रामीणों ने बताया कि चरन सिंह कुछ अन्य लोगाें के साथ शारदा का अंतिम संस्कार करने गंगा नदी के किनारे ले गया है। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत पुलिस को दी। एसओ ओम प्रकाश गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्हें देख चरन सिंह व रिश्तेदार चिता जलाकर भाग निकले। एसओ ओम प्रकाश गौतम ने बमुश्किल चिता से अधजले शव को निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पति चरन सिंह के अलावा कई अज्ञात के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ ओम प्रकाश गौतम ने बताया कि मृतका के पति समेत अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।