आपसी लेनदेन का मामला मान रही है पुलिस
आरोपी को पकड़कर मामले को रफादफा करने का प्रयास
जमीन बेचकर घर लौट रही एक विधवा से तमंचे के नोंक पर उसके सौतेले पुत्र ने अपने चार अन्य साथियों की मदद से 90 हजार रुपये की नगदी छीन ली और फरार हो गये। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ लूट की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले को आपसी लेनदेन का विवाद मान रही है।
जानकारी के अनुसार, जनव्वरी पत्नी जमील खां निवासी पटवाई जिला रामपुर ने पुलिस को तहरीर दी है कि उसके नाम सुतनेरा गांव में खेती है जिसको वह बुधवार को बेचकर आ रही थी। आरोप है कि मोहमदी मार्ग एक भट्ठे के पास उसका सौतेला बेटा अपने चार साथियों के साथ आया और तमंचा दिखाकर 90 हजार रुपये छीन ले गया। घटना के समय उसका पुत्र मुकीज भी था जिसने घटना को देखा है।
उधर, जहरूनिश्शां निवासी सुतनेरा ने पुलिस को बताया कि आरोप लगाने वाली उसकी सौतन है जिसने बेईमानी कर जमीन बेची है और उसका हक छीन कर फरार हो रही है और उसके पुत्र ने अपने हिस्से के 90 हजार रुपये ही लिये हैं। इस बीच रुपयों को लेकर छीना झपटी होने पर उसकी सौतन और उसके पुत्र ने उसके कानों के कुंडल और सोने की चेन लूट ली है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में रोककर रुपये छीनने वाले फरार पुत्र की तलाश में दबिशें दी है लेकिन देर शाम तक कोई हल नहीं निकल सका था। प्रभारी निरीक्षक कमरूल हसन खां ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लेनदेन का मामला है। पारिवारिक हल ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है और लूट जैसी कोई वारदात नहीं हुई है।