शराब के नशे में धुत कुछ लोगों ने सामान के पैसे मांगने पर महिला दुकानदार की पिटाई कर दी। दुकान में भी जमकर तोड़फोड़ की गई। दुकानदार के गले से सोने की चेन भी लूट ली गई। आस पड़ोस के लोग इकट्ठे हुए तो हमलावर बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने मामले में सिर्फ एनसीआर दर्ज की है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मद जई निवासिनी गुड़िया का परचून सामान का खोखा है। बकौल गुड़िया, रविवार को शाम करीब 7.30 बजे वह दुकान पर बैठी थीं। उनके पति मनोज किसी काम से शहर में गए थे। इसी दौरान रवि अरोड़ा अपने दो नौकरों के साथ आया और पान मसाला लिया। गुड़िया ने पैसे मांगे तो शराब के नशे में धुत रवि ने उसका हाथ पकड़ लिया। इसी दौरान गुड़िया के पति मनोज वहां पहुंच गए। उन्होंने विरोध किया तो रवि ने अपने नौकरों और बेटे की मदद से गुड़िया की पिटाई कर दी। दुकान का सारा सामान तहस-नहस कर दिया। इसी दौरान रवि ने गुड़िया के गले से सोने की चेन छीन ली। सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर बाइक छोड़कर भाग गए। बाद में पुलिस बाइक को कोतवाली ले गई। गुड़िया का कहना है कि हमलावर अब भी उन्हें और उनके पति को अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं।