सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अपनी मां के साथ दवा लेने आई किशोरी से वार्ड ब्यॉय ने छेड़छाड़ कर दी। विधायक रोशनलाल वर्मा के हस्तक्षेप पर हरकत में आई पुलिस ने सीओ (सदर) अखिलेश भदौरिया की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक किशोरी को कई दिन से बुखार आ रहा था। सोमवार को किशोरी की मां उसे दवा दिलाने सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर आई। यहां डॉ. ललित वर्मा ने किशोरी का चेकअप किया और कुछ जांच कराने की सलाह दी। जांच में ह्यूमोग्लोबीन की कमी पाई गई। इस पर किशोरी को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। डॉक्टर के कहने पर जब किशोरी की मां मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन लेने चली गई तभी वार्ड ब्यॉय राकेश किशोरी से छेड़छाड़ करने लगा। किशोरी ने विरोध किया तो राकेश भाग गया। किशोरी की मां ने इस बाबत थाने में रहरीर दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। इस पर किशोरी की मां विधायक रोशनलाल वर्मा से मिली और उन्हें घटना की जानकारी दी। विधायक ने इस मामले में एसपी से बात की।
एसपी के निर्देश पर सीओ (सदर) अखिलेश भदौरिया ने मौके पर जाकर जांच की। मामला सही पाए जाने पर सीओ (सदर) ने थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने के निर्देश दिए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं आया।