युवती गंभीर हालत में लखनऊ रेफर, गांव में पुलिस तैनात
रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर में बुधवार शाम एकतरफा प्यार में एक युवक ने घर में घुसकर युवती को गोली मार दी। बाद में मौके से भागते समय उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी। युवती को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
गांव मिश्रीपुर निवासी युवती शाम को घर में अकेली थी। उसके पिता छोटी बेटी के साथ बाजार गए थे और मां मजदूरी पर बर्तन मांजने गई थी। इसी बीच थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला तिलहरजई निवासी धीरज कुमार (22) पुत्र रामआसरे शर्मा हाथ में पिस्टल लेकर घर में घुसा और चारपाई पर लेटी युवती के सीने पर पिस्टल रखकर फायर झोंक दिया। गोली लगते ही वह बचने के लिए बाहर की तरफ भागी तो उसने दूसरी गोली दाग दी जो उसके पेट में लगी।
फायरिंग की आवाज सुनकर मकान के दूसरे हिस्से में रह रही युवती की चाची आ गई और उसने शोर मचाते हुए युवक को पकड़ने की कोशिश की तो वह घर से बाहर भागा। तब तक अन्य लोग भी जुट गए। खुद को घिरता देख उसने अपनी कनपटी से पिस्टल सटाकर गोली मार ली जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर यूपी 100 गाड़ी पहुंची। पीछे से एसएसआई इफ्तेखार अहमद भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस वारदात में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल व खोखे मौके से बरामद किए हैं। युवती को गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया। एसपी केबी सिंह, सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव भी पहुंच गए।
शादी से इंकार किया तो जान पर बन आई
युवती की शादी कहीं और तय होने से परेशान था युवक
भाई से दोस्ती कर घर में बनाई थी घुसपैठ
मिश्रीपुर गांव निवासी युवती इकतरफा प्यार में पागल युवक से शादी करने से इंकार किया तो उसकी जान पर बन आई। 32 बोर पिस्टल से दो बार उसे गोली मारने के बाद घिरने पर खुद को गोली मारकर जान दे दी। बताते है कि युवती के भाई से दोस्ती गांठ घर युवक उसके घर आने लगा था। लेकिन युवती की शादी तय होने की बात पता चलने से वह परेशान था।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला तिलहरजई निवासी धीरज शर्मा (22) पुत्र रामासरे शर्मा लोहारो वाला चौराहा के पास अर्जुन मिठाई वाले की दुकान पर काम करता था। इसी दुकान में थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर युवती का भाई भी काम करता है। दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई। इसी वजह से धीरज का उसके घर आना-जाना हो गया। दरअसल उसकी नजर दोस्त की बहन पर थी। वह उससे मन ही मन प्यार करने लगा। दोस्त से मिलने के बहाने जब उसका घर पर आना-जाना ज्यादा हो गया तो युवती की मां ने उसे घर आने से यह कहते हुए मना कर दिया कि उसके घर में बेटियां सयानी हैं और अधिक आने-जाने से लोग गलत सोचने लगेंगे, लेकिन वह फिर भी कोई न कोई बहाना बनाकर उसके घर पहुंच जाता। मौका पाकर उसने युवती से शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने इंकार कर दिया। इस पर वह नाराज हो गया और उसने युवती को जान से मारने की योजना बना डाली। जिला अस्पताल में युवती ने पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि युवक उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसने इंकार कर दिया था।
बताया जा रहा है कि युवती का रिश्ता घर वालों ने हरदोई के पिहानी क्षेत्र में तय कर दिया था। इस बात की जानकारी जब धीरज को हुई तो वह और भी परेशान हो उठा। उसे यह भी पता लगा कि एक-दो दिन में युवती को देखने के लिए पिहानी से लोग आने वाले हैं। इतनी जानकारी होने पर उसने युवती की जान लेने का फैसला कर लिया।
किराये पर रहने के दौरान बढ़ाईं थी नजदीकियां
बताते हैं कि आठ साल पहले युवती के घर में आग लग गई थी। उसके परिवार के पास रहने का ठिकाना नहीं था। धीरज के घर तिलहरजई में सिर छिपाने की जगह मिली तो यहां धीरज ने युवती से नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश की। दो साल पहले जब वह दोबारा परिवार के साथ मिश्रीपुर जाकर रहने लगी, तो धीरज ने उसके भाई से दोस्ती करके घर आना-जाना जारी रखा।