सदर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में छह सितंबर को गैंगवार में हुईं तीन हत्या के मामले फरार चल रहे मुशीर पक्ष के दो और लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है, जो सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां के भाई की है। पुलिस इस घटना में मृतक इसरार, इमरान पक्ष के उसके दो भाइयों इंतेसार उर्फ मिन्ना, इकबाल उर्फ डब्बू और मृतक मुशीर पक्ष के मो. साबिर उर्फ भैयू, तसलीम, अजहर उर्फ अज्जू, सोहराब खां उर्फ शब्बू को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है।
सदर बाजार पुलिस ने बताया कि हत्या की घटना में नामजद मुशीर पक्ष के मोहल्ला झंडा कलां निवासी शानू उर्फ अतुल शर्मा को पुलिस टीम ने सोमवार देर रात उसके घर पर दबिश दी, तो वह घर में ही मिल गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसी की निशानदेही पर पुलिस ने आवास विकास कॉलोनी में राजाराम के मकान के कोने से नाली के अंदर कीचड़ से पिस्टल भी बरामद कर ली। पुलिस को पूछताछ में शानू ने बताया कि घटना के समय मुशीर के हाथ से पिस्टल से फायर होने के बाद इमरान और इसरार के भाई इंतेसार उर्फ मिन्ने ने मुशीर के हाथ से पिस्टल छीन ली थी, जिससे उसने भी फायर किया तो भीड़ छंट गई। इसके बाद पुलिस के आने की सूचना पर उसने पिस्टल फेंक दिया, जो उसने नाली में गिरते हुए देख लिया था। पिस्टल की मैगजीन में पुलिस को दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। एसएसआई रामनरेश यादव ने बताया कि बरामद लाइसेंसी पिस्टल सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां के भाई तौकीर की है। पिस्टल को कब्जे में लेने के साथ ही लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस मामले में मुशीर पक्ष के एक और नामजद आरोपी अमित ठाकुर को भी अंटा चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।