निगोही क्षेत्र में शनिवार देर रात खिरिया मोड़ के पास पिकअप ट्राली में घुस गई। इस हादसे में एक युवक की जान चली गई जबकि उसके तीन साथी घायल हो गए। वहीं जलालाबाद में उबरिया मंदिर के पास पिकअप की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई। अन्य दुर्घटनाओं में भी चार लोग घायल हो गए। थाना निगोही क्षेत्र के गांव बिछौली निवासी 40 वर्षीय नंदलाल कठेरिया, गांव के ही 30 वर्षीय बड़े और 25 वर्षीय पिंटू और गांगेपुरा निवासी राजू के साथ पिकअप में पालतू सुअर लादकर सीतापुर के बिसवां कस्बे से शनिवार रात लौट रहे थे। रात लगभग साढ़े नौ बजेे पिकअप निगोही रोड पर खिरिया मोड़ के पास पहुंची, तभी सामने डंपर आ गया। उसे बचाने के चक्कर में पिकअप सामने चल रही मैला भरी ट्रैक्टर-ट्राली में घुस गई। इससे पिकअप पर सवार सभी लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां नंदलाल ने रविवार तड़के पांच बजे दम तोड़ दिया। नंदलाल मूल रूप से थाना सिंधौली के गांव रेहरिया का रहने वाला था। वह दस साल से बिछौली में ससुराल में रह रहा था। वहीं कांट-जलालाबाद रोड पर शनिवार रात कांट के गांव खुटरिया निवासी 30 वर्षीय प्रेमसिंह यादव की उबरिया मंदिर के पास देर शाम पिकअप की चपेट में आकर मौत हो गई। वह जलालाबाद से बिजली बिल जमा करके बाइक से घर लौट रहा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं अन्य दुर्घटनाओं में घायल कांट के गांव सप्त्यारा निवासी 35 वर्षीय भोले, रोजा के गांव नौगवां निवासी 28 वर्षीय अनिल कुमार, हथौड़ा चौराहा निवासी 45 वर्षीय संतोष वर्मा, खुटार के गांव कैहमारिया निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद तौसीफ को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।