ट्रेनों और रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्रियों के बैग, अटैची एवं अन्य सामान चुराने वाले दो युवकों को जीआरपी ने पकड़ लिया, जबकि बरेली का रहने वाला गैंग सरगना फरार हो गया। दोनों को जीआरपी ने कोर्ट में पेश किया। इनमें एक खुटार थाना क्षेत्र के मोहल्ला देवस्थान का 30 वर्षीय संजय कुमार है। इस पर पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं और बरेली जेल से 30 अगस्त को ही छूटकर आया है। दूसरा चोर सीतापुर कोतवाली क्षेत्र के छोटा गांव का है। इस पर चार मुकदमे दर्ज हैं और वह 20 सितंबर को मुरादाबाद जेल से छूटकर आया है। जीआरपी थाना के एसओ जयशंकर सिंह, कांस्टेबिल विजय, हरिओम आदि के साथ बुधवार रात को गश्त के दौरान रात करीब ढाई बजे संदिग्ध हालत में इन्हें प्लेटफार्म पर धर दबोचा। इनके पास से प्लास, पेंचकस सहित अटैची खोलने और चोरी करने का सामान बरामद हुआ।
आरपीएफ ने एक वेंडर आठ संदिग्ध लोग धरे
शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन पर अवैध रूप से चाय बेचने वाले एक वेंडर को आरपीएफ ने पकड़ लिया। आरपीएफ ने वेंडर पर उन लोगों के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है। इस दौरान बगैर टिकट स्टेशन पर घूम रहे आठ संदिग्धों को भी पकड़ा गया।
आरपीएफ के अनुसार वेंडर गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र का रहने वाला 30 वर्षीय सुनील गुप्ता उर्फ फटा है। वह काफी लंबे समय से रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध रूप से वेंडरिंग कर रहा था। आरपीएफ से अभद्रता करने पर उसे पकड़ लिया गया। वहीं आरपीएफ ने प्लेटफार्म पर घूम रहे आठ बेटिकट यात्रियों को भी पकड़ लिया।
विक्षिप्त युवती ने जीआरपी को छकाया
शाहजहांपुर। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा की व्यवस्था करने वाली जीआरपी बृहस्पतिवार को परेशान नजर आई। एक विक्षिप्त युवती ने जीआरपी को थाने में ही जमकर छकाया। जीआरपी के तमाम प्रयासों के बाद बमुश्किल युवती वहां से गई।
करीब 30 वर्ष की उम्र की एक युवती जीआरपी थाना में पहुंचकर बैठ गई तो उससे जीआरपी ने आने की वजह पूछी। इस पर वह कहने लगी कि वह लावारिस है। उसे कुछ नहीं पता कि कहां से आई है और कहां जाना है। एसओ जयशंकर सिंह ने बाहर बैठने के लिए कहा। इस पर वह उन लोगों को ही तंग करने लगी। पहले तो जीआरपी ने समझा-बुझाकर वहां से जाने के लिए कहा, जब वह नहीं मानी तो काफी डांट-फटकार भी लगाई। इस पर भी विक्षिप्त जाने को तैयार नहीं हुई। बाद में बमुश्किल उसे वहां से भेजा गया। इस दौरान उसने जीआरपी के एसआई और जवानों को काफी तंग किया।