बाबूजई में फिर माहौल खराब करने की कोशिश
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई में होली के दिन हुए बवाल के बाद शुक्रवार रात फिर किसी शरारती तत्व ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। हालांकि मोहल्ले में तनाव को देखते हुए अभी भी पुलिस बल तैनात है लेकिन कोई शरारती तत्व एक पक्ष के एक व्यक्ति के घर पत्थर फेंक कर भाग गया। इससे लोग घर के बाहर निकलने लगे और तनाव फैल गया। मौके पर तैनात पुलिस ने लोगों को शांत किया। बताते चलें, होली के दिन मोहल्ला बाबूजई में कटबाग के पास से हाजी जमील अहमद गुजर रहे थे। इसी दौरान एक बच्चे ने पिचकारी चला दी और जमील अहमद के कपड़ों पर रंग पड़ गया। इस पर जमील ने बच्चे की पिटाई कर दी थी। बच्चे के परिवार वालों ने इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर पथराव और फायरिंग हुई थी। हमले में तीन लोग घायल भी हो गए थे। पुलिस ने एक पक्ष के तीन लोगों को गिरफ्तार करके शांतिभंग में चालान कर दिया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस बल तैनात किया गया है।
इसके बाद भी शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे मोहल्ले के सुरेश के घर में शरारती तत्वों ने तीन पत्थर फेंके दिए। सुरेश ने इसकी सूचना मोहल्ले में दी तो लोग गुस्साने लगे। माहौल खराब होते-होते बचा। सुरेश ने मोहल्ले वालों के साथ मिलकर सुरक्षा पर तैनात पुलिस कर्मियों को घर में पत्थर फेंके जाने की सूचना दी। पुलिस ने मोहल्ले के लोगों से पूछताछ की लेकिन पत्थर फेंकने वालों का पता नहीं चला। घटना की सूचना पर कोतवाल केके तिवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोहल्ले वालों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।