हरदोई से चावल लोड करके धनगढ़ी नेपाल जा रहे ट्रक को नेशनल हाईवे पर पंजाब के एक लुटेरे ने तमंचे के बल पर लूट लिया। दूसरे ट्रक चालक की सूचना पर आरसी मिशन पुलिस ने घेराबंदी कर लुटेरे को पकड़ लिया। पुलिस से बचने के लिए उसने ट्रक भगाया, इससे ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। इस दौरान पुलिस टीम पर फायर भी किए गए। जिसमें इंस्पेक्टर बाल-बाल बच गए। जिला लखीमपुर खीरी के थाना मैलानी क्षेत्र के गांव पहाड़पुर निवासी सुखदेव सिंह पुत्र करनैल सिंह, पलिया के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी सुनील छतवाल का ट्रक चलाता है। सुनील के तीन ट्रकों में मंगलवार देर शाम जिला हरदोई से नेपाल के धनगढ़ी जिले में ले जाने के लिए चावल लोड किया गया था। तीनों दस टायरा ट्रक आगे-पीछे चल रहे थे। सुखदेव जिस ट्रक को चला रहा था, उस ट्रक में शाहाबाद के पास नेशनल हाईवे पर पंजाब के अमृतसर के थाना तरनतारन अंतर्गत गांव बुर्द निवासी सतनाम सिंह पुत्र रेशम सिंह यात्री के तौर पर ट्रक में बैठ गया। कुछ दूर ट्रक चलने के बाद उसने तमंचे के बल पर चालक सुखदेव को कब्जे में कर लिया और ट्रक को अपने हिसाब से आगे ले चलने के लिए कहने लगा। सुखदेव के ट्रक के आगे शाहिद का ट्रक चल रहा था। रात लगभग 12 बजे हरदोई बाईपास के नजदीक पहुंचते ही सुखदेव का ट्रक जैसे ही शाहिद के ट्रक के आगे निकला तो उसने होटल पर चाय पीने के लिए सुखदेव को ट्रक रोकने के लिए हाथ दिया। तभी लुटेरे सतनाम ने उस पर फायर कर दिया और ट्रक को ओवरटेक आगे निकलवा ले गया। शाहिद ने हाईवे किनारे होटल और ढाबों की चेकिंग कर रहे इंस्पेक्टर हरीश राजपूत को जानकारी दी। इस पर उन्होंने ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने जीप आगे निकालने की कोशिश की तो ट्रक ने साइड मार दी। चालक सुखदेव ने जब समझ लिया कि पुलिस मदद में पीछे लग गई तो उसने सरायकाइयां के पास पहुंचते ही ट्रक में ब्रेक लगाए और नीचे कूद गया। इतने में इंस्पेक्टर भी पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। तभी लुटेरे सतनाम सिंह ने इंस्पेक्टर पर फायर झोंक दिया और स्टेयरिंग पर बैठकर खुद ट्रक ड्राइव करने लगा। फायर में इंस्पेक्टर और उनकी टीम बाल-बाल बच गई। कुछ दूर चलने पर ट्रक पलट गया। वह दोनों हाथों में तमंचे लेकर ट्रक के बाहर निकला तो उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि लुटेरे सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर ट्रक, छह लाख का चावल व चालक से लूटे गए चार हजार रुपये और दो 315 बोर के तमंचे, चार कारतूस तथा एक कारतूस बरामद किया गया है।