नगर के मोहल्ला चौहटियां में शुक्रवार शाम एक समुदाय के लगभग तीन दर्जन से अधिक लोगों ने तीन घरों पर रात लगभग दस बजे हल्ला बोल दिया और गाली गलौज मारपीट करते हुए घरों पर जबरदस्त पथराव भी किया। इस दौरान लगभग आधा दर्जन लोग चुटैल भी हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया, लेकिन बाद में थाने से छोड़ दिया।
मोहल्ला चौहटियां निवासी लखन पुत्र कालीचरन ने बताया कि मोहल्ले के ही कुछ लोग, जो कि आपराधिक प्रवृति के हैं, गली से गुजर रहे थे। कुत्ता भौंकने पर अनावश्यक रूप से गाली गलौज कर रहे थे। जब उसके पिता कालीचरन ने ऐसा करने से मना किया तो उन लोगों ने फोन करके तीन दर्जन से अधिक लोगों को बुला लिया और कालीचरन को पीटने लगे। बीच बचाव करने पहुंचे कालीचरन के पुत्र लखन को भी पीटने लगे। जब मोहल्ले वालों ने ऐसा करने से रोका तो झगड़े पर आमादा लोगों ने तीन घरों में जमकर पथराव किया तथा वहां रहने वाले लोगों से मारपीट की। इस दौरान कालीचरन पुत्र रामभरोसे, लखन, ज्ञानादेवी पत्नी कालीचरन, कालीचरन की पुत्री पूजा, खुशबू और शीलू पुत्री रामस्वरूप के गुम चोटें आई हैं तथा गौतम पुत्र भगवानदास का सिर फूट गया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। बाद में रिहा कर दिया। पीड़ितों का कहना है कि थाने से रिहा होने के बाद फिर आरोपियों ने उनको जान से मारने की धमकी दी है। इससे पीड़ित तीनों परिवारों के लोग गहरे सदमें में हैं और घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं।
दोनों पक्षों को थाने लाया गया था। बाद में आपसी सहमति के आधार पर समझौता करा दिया गया है। वर्तमान में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।
-अरुण कुमार सिंह, कोतवाल
तमंचे सहित एक बंदी
तिलहर। कोतवाली पुलिस ने 315 बोर के तमंचे सहित एक व्यक्ति को 3/25 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है।
पुलिस के अनुसार गांव गुरगवां निवासी शरद यादव ने बताया कि रंजिश के चलते विमल मिश्रा निवासी बौरा थाना मदनापुर में शुक्रवार को उस पर तमंचा तान दिया। शरद ने अपने साथियों की मदद से आरोपी विमल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को 3/25 के अंतर्गत जेल भेजा है।