अप लाइन की बेगमपुरा एक्सप्रेस की चपेट में आकर एक 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अटसलिया रेलवे क्रॉसिंग पर टकराए युवक का शव डाउन लाइन पर जा गिरा। देर रात तक युवक की शिनाख्त नहीं की जा सकी। मौके पर आरपीएफ और जीआरपी पहुंच गई, लेकिन थाना पुलिस का क्षेत्र होने की वजह से युवक का शव रेलवे लाइन से नहीं हटाया जा सका। इससे डाउन लाइन का रेल यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा।
रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे अटसलिया रेलवे क्रॉसिंग पर एक युवक निकल रहा था। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रही बेगमपुरा एक्सप्रेस से वह टकरा गया। इससे वह उछलकर डाउन लाइन पर जा गिरा। इसकी सूचना बेगमपुरा एक्सप्रेस के चालक ने कंट्रोल रूम को दी। चालक की सूचना पर आरपीएफ एएसआई गजेंद्र सिंह, रोजा के स्टेशन अधीक्षक बीके शुक्ला और जीआरपी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। साथ ही मेमो भी जारी कर दिया, लेकिन थाना पुलिस का क्षेत्राधिकार होने की वजह से लाश को पटरी पर ही पड़ा रहने दिया गया।
इस दौरान डाउन लाइन की सप्तक्रांति एक्सप्रेस करीब पौने नौ बजे उधर से निकली तो चालक ने शव को रेल पटरी पर पड़ा देखकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे 10 बजे तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। इससे डाउन लाइन का रेल यातायात प्रभावित रहा। सूचना भेजे जाने के बावजूद भी खबर भेजे जाने तक थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी थी।