नगर के मोहल्ला परशुराम नगर में शनिवार रात एक घर में घुसकर चोरों ने नकदी, जेवर समेत साढ़े तीन लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
परशुराम नगर निवासी विशाल दीक्षित ने बताया कि शनिवार को परिवार के सभी सदस्य आंगन में सो रहे थे। रात लगभग दो बजे चोर घर में घुस आए और कमरे में रखी सेफ और बक्से का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये की नगदी, सोने का हार, सोने के कंगन, झुमकी, मांगबेंदा, पायल, गोला, फूल के बर्तन आदि चोरी कर लिए। आहट होने पर उसकी आंख खुली तो एक चोर को भागते देख शोर मचाया। इस पर मोहल्ले के तमाम लोग एकत्र हो गए और चोरों की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
रविवार को विशाल ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने और चोरों का पता लगवाए जाने की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
गुरमीत बने शिवसेना के नगर प्रमुख
पुवायां। शिवसेना के कार्यकर्ताओं की नगर के हरेराम मंदिर पर हुई बैठक में गुरमीत सिंह को नगर प्रमुख और अभिषेक सिंह को तहसील उप प्रमुख मनोनीत किया गया। इस दौरान तय किया गया कि 23 अगस्त को शिवसेना कार्यकर्ता जनहित से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन देंगे। बैठक में महेंद्र कुमार मिश्रा, शिवराम तिवारी, दीपक कुमार शर्मा, गौतम शर्मा, विनय कुमार, हरप्रीत सिंह, विवेक कुमार, रघुवंश शर्मा, मनोज बाजपेयी सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस ने प्रेमी युगल को पकड़ा
खुटार। आठ जून को क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की नाबालिग पुत्री को थाना मैलानी के गांव किशनपुर निवासी वीरपाल बहला फुसलाकर घर से भगा ले गया था। पिता ने खुटार थाने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर दरोगा मोहम्मद आरिफ, सिपाही सुरेंद्र, महिला सिपाही सोनिका ने गोला रोड पर किशोरी और युवक को बरामद कर लिया। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।