खुटार में तीन दुकानों से नगदी सहित हजारों का सामान चोरी
बुधवार रात चोरों ने नगर की मुख्य सड़क पर दो दुकानों में नकब और एक दुकान के ताले तोड़कर 56 सौ रुपये सहित लगभग एक लाख रुपये का सामान चुरा लिया। दुकान स्वामियों ने पुलिस को तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला बजरिया निवासी सुरेंद्र पाल सिंह की बीडीआर ईंट-भट्ठे के पास वर्कशाप है। बुधवार रात चोरों ने वर्कशाप के ताले तोड़कर अल्टीनेटर का तार और दुकान में रखा करीब 20 हजार का कॉपर का तार चुरा लिया। इसके बाद चोरों ने मोहल्ला नौगवा कोट निवासी ओमप्रकाश गुप्ता और इसी मोहल्ले के रितेश की ग्रिल वर्क्स की दुकान में नकब लगा दी। चोर ओमप्रकाश की दुकान से अल्टीनेटर का तार सहित करीब 10 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। रितेश मिश्रा की दुकान से चोरों ने 56 सौ रुपये और 18 किलो कॉपर तार सहित अन्य कीमती सामान चुरा लिया। जिन दुकानों में चोरी की घटना हुई हैं वह थाने से मात्र पांच सौ मीटर की दूरी पर हैं। तीनों दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि चोरी की तहरीर पर मौका मुआयना कराया गया है, जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।