चौक कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी से शुक्रवार देर रात एक युवक का अपहरण कर लिया गया। इससे कॉलोनी में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर फोर्स के साथ कॉलोनी पहुंचे और अपहृत की तलाश में कई जगह दबिश दी लेकिन उसका पता नहीं लगा। मामले में पुवायां क्षेत्र के गांव कलंदरगंज निवासी राम सिंह और उसके भाई विक्रम के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कांशीराम कॉलोनी के ब्लाक नंबर 34 में क्वार्टर संख्या 529 में रहने वाली विद्यावती पत्नी रामचंद्र ने बताया कि क्वार्टर के सामने ही वह तख्त पर परचून का सामान बेचती है। रात लगभग दस बजे उसने सामान समेट कर क्वार्टर के अंदर रख लिया और 20 वर्षीय बेटे बंटी से अंदर आने को कहा, लेकिन वह तख्त पर ही बैठा रहा। लगभग आधा घंटे बाद उसने दरवाजा खोलकर देखा तो बंटी गायब था। उसने पड़ोस के ब्लाक नंबर 33 के क्वार्टर में रहने वाले लोगों से बेटे के बारे में पूछा, लेकिन वे कुछ नहीं बता सके। इसके बाद उसने बेटे के अपहरण की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस को सूचना दी। अपहरण की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर केके चौधरी, अजीजगंज चौकी इंचार्ज गुड्डू सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और मामले की जानकारी कर कई स्थानों पर अपहरणकर्ताओं की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इस मामले में अपहृत के भाई हेतराम की ओर से पुवायां क्षेत्र के दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
हत्या की धमकी का पत्र छोड़ गए हैं अपहरणकर्ता
शाहजहांपुर। अपहृत बंटी के भाई हेतराम और मां विद्यावती ने बताया कि बेटे का अपहरण करने वाले तख्त पर ईंट के नीचे दबाकर एक चिट्ठी रख गए थे। उसे बाद में देखा गया। उसमें लिखा है कि बंटी की लाश अब बड़ागांव के पास मिलेगी। चिट्ठी मिलने के बाद से घरवालों में हड़कंप मचा हुआ है। वेे अनहोनी की आशंका से दहशत में हैं।
आरोपी की बेटी से बंटी के हैं संबंध
शाहजहांपुर। बंटी के भाई हेतराम ने पुलिस को बताया कि बंटी रुद्रपुर में एक प्लाईबुड फैक्ट्री में काम करता था। उसी फैक्ट्री में पुवायां क्षेत्र के एक गांव का व्यक्ति भी काम करता था। उसकी बेटी से बंटी ते संबंध हो गए। पांच महीना पहले बंटी लड़की को अपने घर पर ले आया था लेकिन बंटी के भाई और मां ने लड़की को उसके घरवालों के सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद घरवालों ने बंटी को फैक्ट्री में काम करने नहीं दिया। हेतराम का कहना है कि लड़की के पिता और चाचा ने शुक्रवार शाम सात बजे बंटी के मोबाइल पर उसके अपहरण की धमकी दी थी। इसके बाद घटना को अंजाम दे दिया।
कांशीराम कॉलोनी से युवक के अपहरण की रिपोर्ट पुवायां क्षेत्र के दो लोगों के खिलाफ दर्ज कर ली गई है। युवक के घरवाले अपहरणकर्ताओं की ओर से पत्र मिलने की बात कह रहे हैं। उसकी जांच की जा रही है। अपहृत को भी तलाशा जा रहा है।- केके चौधरी, प्रभारी निरीक्षक, चौक कोतवाली