थाना सदर बाजार क्षेत्र में शनिवार की रात डॉन एंड डोना स्कूल और घंटाघर के बाइक सवार बदमाशों ने महिला का हार लूट लिया था। इस मामले में पीड़ित की तरफ से तहरीर मिलने बाद भी पुलिस ने रविवार देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। सीओ सिटी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
लखनऊ के आलमबाग में रहने वाले सुमित सक्सेना पत्नी आराधना के साथ शनिवार को आनंदपुरम् स्थित अपनी बुआ शारदा के घर आए थे। शाम को सुमित फुफेरे भाई अमित और अन्नू के साथ विश्वनाथ मंदिर गए थे। वहां से घर वापस लौटते समय अन्नू और आराधना एक रिक्शे पर बैठी थीं, जबकि सुमित और अमित दूसरे रिक्शे पर पीछे चल रहे थे। डॉन एंड डोना स्कूल और घंटाघर के बीच पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने आराधना का हार खींच लिया। हार के साथ बदमाशों के हाथ में आर्टिफिशियल मंगलसूत्र भी आ गया था, जिसे वह कुछ दूरी पर सड़क पर डाल गए थे। पुलिस हार लुटने की घटना से इनकार कर रही है। थाने पहुंचे सुमित से सदर पुलिस ने कहा कि बदमाश तो आर्टिफिशियल मंगलसूत्र लूटकर ले गए थे, जिसे कुछ दूरी पर वह फेंक गए। हार लुटने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। हालांकि पुलिस ने बदमाशों की पहचान करने के लिए घंटाघर पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।