धर्मकांटा पर स्वामित्व को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस ने एक पक्ष के सात लोगों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
मंगलवार सुबह फर्रुखाबाद रोड स्थित कंचन धर्मकांटा पर स्वामित्व को लेकर दो सगे भाइयों व भतीजों के बीच हुआ विवाद मारपीट के बाद फायरिंग तक जा पहुंचा। इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायल पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने दूसरे पक्ष के सात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
कस्बे के मोहल्ला महाजनान निवासी विशेश्वर दयाल अवस्थी के पुत्र नवीन की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक धर्मकांटा उसके चाचा राकेश अवस्थी का था, जिनके कोई औलाद न होने के कारण इस धर्मकांटा को उन्होंने अपने भाइयों विश्वेश्वर दयाल तथा मुनीश्वर दयाल को सौंप दिया। समझौते के तहत दोनों लोग तय समयानुसार उसे चलाएंगे। बताया कि कई सालों से मुनीश्वर दयाल उसे संचालित कर रहे थे। सोमवार को धर्मकांटे का संचालन अपने हाथ में लेने के लिए विश्वेश्वर दयाल ने अपने भाई से बात की और मंगलवार सुबह वह अपने पुत्रों समेत वहां पहुंच गए। आरोप है कि यह पता लगने पर मुनीश्वर दयाल, अपने पुत्र विनय के अलावा ब्रजेश, राजा, अनुराग मोहित, रोहित आदि को लेकर पहुंच गए। इन लोगों के हाथों में लाइसेंसी हथियारों के अलावा लाठी डंडे भी थे।
आरोप है कि वहां पहुंचते ही हमलावर हुए इन लोगों ने मारपीट और फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें विश्वेश्वर दयाल तथा उनके पुत्र नवीन व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया तथा सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इस दौरान सीओ उमेश शर्मा ने घायलों से घटना की जानकारी ली।