प्रेम प्रसंग में हुई सूरज की हत्या
थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में नौ दिन पहले हरदोई के सूरज की हत्या के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। सूरज एक गांव में अपनी प्रेमिका के बुलाने पर गया था। बहन के कमरे में देखकर प्रेमिका के दो भाइयों ने सूरज को मौत के घाट उतार दिया था। उसके बाद शव फेंक दिया। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। एसपी कार्यालय सभागार में हुई प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि बीते 23 जून को थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में हरदोई रोड पर गांव ददुआपुर के पास सड़क किनारे 22 वर्षीय अज्ञात युवक का शव चादर से लिपटा हुआ झाड़ियों में मिला था। जिसके गले में गमछा कसा हुआ था। घटना के दूसरे दिन समाचार पत्रों में छपी खबर पढ़ने के बाद शव की शिनाख्त हरदोई के थाना शाहबाद क्षेत्र के गांव हसनापुर निवासी संजय मिश्रा ने अपने 22 वर्षीय सूरज मिश्रा के रूप में की थी। संजय मिश्रा की तरफ से अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या होने की बात सामने आई थी। इस मामले की विवेचना थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार चौहान ने शुरू की थी। मृतक के मोबाइल की काल डिटेल के आधार पर सूरज की हत्या का खुलासा हुआ। 21 जून को सूरज अपने मौसेरे भाई शिवम के साथ थाना शाहबाद क्षेत्र के गांव ऊधरनपुर मौसी के घर गया था। वहीं खाना खाने के बाद सो गया था। रात में करीब 1.20 बजे सूरज की प्रेमिका ने फोन करके उसे अपने घर बुला लिया। सूरज अपनी प्रेमिका के साथ उसके कमरे में था, तभी हुई आहट से लड़की के घर वाले जाग गए और उसका कमरा खुलवाया। बहन के साथ सूरज को देखकर लड़की के भाई नवीन दीक्षित और प्रवीण दीक्षित पुत्र कामता प्रसाद का खून खौल गया और सूरज की गमछे से गला कसकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद एक दिन तक शव को गांव में गन्ने के खेत में छुपाए रखा। दूसरे दिन दोनों भाइयों ने शव को बोलेरो में लादकर सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में फेंक दिया। सेहरामऊ दक्षिणी पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम करीब सात बजे हरदोई मोड़ के पास से नवीन और प्रवीण को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शव फेंकने के लिए इस्तेमाल की गई बोलेरो और एक मोबाइल बरामद किया। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
बचपन की दोस्ती प्यार में बदल गई
गांव से सूरज का गांव हसनापुर करीब दो किलोमीटर दूर है। पूर्व माध्यमिक स्कूल में सूरज ने अपनी प्रेमिका के साथ पढ़ाई की थी। सूरज अपने पिता के साथ हरिद्वार में रहने लगा था, लेकिन अक्सर मौसी के घर गांव ऊधरनपुर आ जाता था। इसी बीच करीब एक साल पहले बचपन की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों अक्सर मौका पाकर अकेले में मिलने लगे। घटना के दिन भी सूरज अपनी प्रेमिका से मिलने गया था।