कचहरी की सुरक्षा में तैनात पीएसी के एक हवलदार ने शुक्रवार दोपहर जीआईसी तिराहा के पास शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी ने हवलदार को थाना सदर बाजार पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। इसमें एल्कोहल की पुष्टि हुई है।
पीएसी का हवलदार गिरीश चंद्र कचहरी की सुरक्षा में तैनात है। शुक्रवार को उसने दिन में ही शराब पी ली। नशा चढ़ा तो वह जीआईसी तिराहा पहुंच गया और हंगामा करना शुरू कर दिया। तिराहा के बीच में खड़े होकर वहां से गुजरने वाले हर वाहन को रोकना शुरू कर दिया। नहीं रोकने पर चालक को पुलिसया रौब दिखाने लगा। काफी देर तक गिरीश हंगामा करता रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने हवलदार को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया और थाने ले जाकर छोड़ दिया। थाने में भी हवलदार ने हंगामा किया। किसी तरह से चार पुलिस कर्मियों के साथ हवलदार को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है और इस बाबत पीएसी के अधिकारियों को अवगत करा दिया है।