शादी का झांसा देकर रेप करने की युवक के खिलाफ शिकायत लेकर चौकी पहुंची युवती ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह की कोशिश की। पुलिस के शिकायत अनसुना करने पर युवती ने यह कदम उठाया तो हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन देकर युवती को शांत किया। युवती का आरोप है कि जलालाबाद के एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया और अब दूसरी शादी करने के लिए हरदोई बारात लेकर गया है। कोतवाली पुलिस ने युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर हरदोई पुलिस को फोन कर शादी रुकवाने की बात कही है।
कोतवाली निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि वह जलालाबाद के बगिया मोहल्ले में अपनी बहन के घर जाती-आती थी। उसकी इसी मोहल्ले के मुकेश से हुई। 11 सितंबर 2015 को मुकेश उसे बहला फुसलाकर हरिद्वार ले गया। एक मंदिर में मांग में सिंदूर भरकर शादी करने का ड्रामा किया। फिर एक होटल में रखकर कई दिन तक शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद मुकेश उसे अपने घर जलालाबाद ले गया और आठ दिन तक शारीरिक शोषण किया। मुकेश ने कोर्ट मैरिज करने के बाद अपने साथ घर में रखने का बहाना बनाकर कुछ दिनों के लिए युवती को उसके घर भेज दिया।
युवती के मुताबिक उधर, मुकेश ने हरदोई के शाहबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली दूसरी लड़की से रिश्ता तय कर लिया। इसकी जानकारी सोमवार को तब लगी जब मुकेश बारात लेकर शाहबाद गया। पीड़ित युवती रिपोर्ट लिखाने अजीजगंज चौकी गई और आरोपी मुकेश की शादी रुकवाने की गुहार लगाई। वह अपने साथ केरोसिन ले गई थी। चौकी में मौजूद पुलिस कर्मियों ने जब शिकायत अनसुनी कर दी तो युवती ने हंगामा करते हुए अपने ऊपर केरोसिन उलट लिया। इससे पुलिस कर्मियों के हाथपांव फूल गए। इस बीच मोहल्ले के कुछ लोग भी चौकी पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने उनकी मदद से युवती को शांत किया और कोतवाली ले जाकर मुकेश के खिलाफ दुष्कर्म और अगवा करने का मुकदमा दर्ज कराया। साथ ही हरदोई के शाहबाद थाना पुलिस को फोन कर मुकेश की शादी रुकवाने की बात कही है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हरदोई के शाहबाद थाना पुलिस से संपर्क करके युवक की दूसरी शादी रुकवा दी गई है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
- केके तिवारी, इंस्पेक्टर, कोतवाली