कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बिजलीपुरा निवासी जावेद अली की 22 वर्षीय बेटी खुशबू लापता हो गई है। खुशबू बृहस्पतिवार को घर से आर्य महिला डिग्री कॉलेज में अपनी डिग्री लेने गई थी, लेकिन फिर घर नहीं लौटी। खुशबू के भाई ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है। घरवालों ने उसके अपहरण और हत्या की आशंका जाहिर की है।
मोहल्ला बिजलीपुर में रहने वाले आसिफ अली ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में 11 बजे उनकी बहन खुशबू आर्य महिला डिग्री कॉलेज से डिग्री लेने के लिए रिक्शे से निकली थी। खुशबू ने तीन साल पहले स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली थी। नौकरी में आवेदन करने के लिए खुशबू को डिग्री की जरूरत थी। काफी देर तक जब खुशबू वापस नहीं आई तो उसके मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन खुशबू का मोबाइल बंद जा रहा है। परिवार के लोग खुशबू को सभी रिश्तेदारियों में तलाश चुके हैं, लेकिन खुशबू का कहीं पता नहीं लग रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खुशबू की तलाश शुरू कर दी है।