थाना सदर बाजार क्षेत्र में मोहल्ला महमंद हद्दफ निवासी 35 वर्षीय शकील पार्टनर से हुए लेनदेन के विवाद के बाद से पांच दिन से लापता हैं। परिवार वालों के मुताबिक पार्टनर से रुपये वापस नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। परिवार वालों ने आशंका जाहिर की है कि शकील की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई है।
महमंद हद्दफ में रहने वाले शकील मोहल्ले के ही एक युवक के साथ जमीन खरीद-फरोख्त का काम करते थे। शकील को अपने पार्टनर को 40 हजार रुपये देने थे। कुछ दिन पहले शकील ने 20 हजार रुपये वापस कर दिए थे। शकील का पार्टनर आए दिन उससे बाकी बचे 20 हजार रुपये की मांग करता था। रुपये वापस नहीं करने पर पार्टनर से शकील को जान से मारने की धमकी दी थी। सात जून की दोपहर शकील अपने घर से कहकर निकले की वह मोहल्ला ककरा कलां जा रहे हैं। कुछ लोगों ने पार्टनर से समझौते के लिए बुलाया है। इसके बाद से शकील गायब हो गए। परिवार वालों ने शकील को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं लगा। परिवार वालों ने थाना सदर बाजार में शकील के गायब होने के बाद तहरीर दी है। तहरीर में अपहरण के बाद हत्या की आशंका जाहिर की है।