गांव सतवां खुर्द स्थित स्व. डंबर लाल इंटर कॉलेज में बतौर प्रिंसिपल तैनात सुरेंद्र वर्मा इससे पहले भी दो बार अन्य छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करते पकड़ा जा चुका है। तब ग्रामीणों ने गांव की इज्जत की खातिर आपसी समझौता कराकर मामला निपटा दिया था, लेकिन उसकी इस तीसरी हरकत पर ग्रामीणों ने उसे सबक सिखाना तय किया, लेकिन आरोपी गांव वालों के गुस्से को भांपकर समय रहते घर से भाग निकला।
ग्रामीणों से मिले ब्योरे के हवाले से निगोही थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी प्रिंसिपल भाजपा से भी जुड़ा हुआ है। वह इस पार्टी में भावलखेड़ा मंडल इकाई का अध्यक्ष भी है। ग्रामीणों ने बताया कि साल भर पहले खेत में वह एक छात्रा के साथ आपत्तिजनक हालत में पाया गया था। तब ग्रामीणों से उसने माफी मंगवाकर गांव के स्तर पर मामला रफा-दफा करा लिया था। इससे पहले भी एक अन्य छात्रा को उसने अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की थी और उस मामले में भी गांव के स्तर पर समझौता कराकर प्रकरण पुलिस तक नहीं जाने दिया गया था। ग्राम प्रधान राकेश कुमार और अन्य ने बताया कि अबकी बार यह प्रकरण संज्ञान में आने पर सभी ने उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराना तय किया। तत्काल कुछ नहीं सूझा तो आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाया ताकि पुलिस तत्काल सुनवाई करे।
पीड़ित की हो चुकी है शादी
शाहजहांपुर। प्रिंसिपल के अश्लील ऑफर और छेड़छाड़ की शिकार दसवीं की छात्रा की गत बैशाख में शादी हुई है। जल्दी शादी होने के चलते उसका गौना तय कर दिया गया था, वह कुछ साल के बाद ससुराल के लिए विदा होगी। अभी वह अपने माता-पिता के यहां रहकर ही पढ़ाई कर रही है। घटना से सन्न छात्रा ने पूरे आत्मविश्वास के साथ आपबीती लिखित रूप में पुलिस को दी है। बताया कि प्रिंसिपल ने बुलाया तो ऐसी किसी बात का शक न था। जब वह मिलने पहुंची तो बैठने को कहा। फिर पूछा कि अच्छे नंबरों से पास होना चाहती है तो इसने हां में सिर हिलाया। फिर प्रिंसिपल ने कहा कि फर्स्ट डिवीजन पाना चाहती है, तो कुछ बातें माननी होंगी। तब उसका माथा ठनका और पूछ लिया कि कौन सी और कैसी बात, तो प्रिंसिपल ने जो कहा वह बताने लायक नहीं है। मना करने पर उसने जबरन रोकना चाहा, लेकिन वह धक्का देकर कक्ष का दरवाजा खोलकर बाहर निकल भागी। इस वाकये ने ऐसा हिला दिया कि वापस क्लास में जाने का मन नहीं किया और सीधे घर भागी चली आई। घर पर मां की गोद में सिर रखकर पूरी बात बताई। पिता भी पहुंच गए और उन्होंने पूरी बात सुनी तो कहा कि आरोपी को उसके किए की सजा जरूर दिलाऊंगा। फिर उन्होंने प्रधान और अन्य साथी ग्रामीणों से इस बारे में जिक्र किया। उनकी बस एक ही मांग है कि आरोपी प्रिंसिपल को कानून सजा देकर सबक सिखाए ताकि वह आइंदा किसी अन्य की ओर गंदी नजर ना डाल सके।
सुरेंद्र की मां बोली, बेटा निर्दोष है
शाहजहांपुर। पत्नी और बच्चों को लेकर घर छोड़कर गांव सतवां खुर्द सेे फरार प्रिंसिपल सुरेंद्र वर्मा के यहां दो मकान हैं। एक पहले का बना हुआ है तो दूसरा गली में ठीक उसी के सामने निर्माणाधीन है। नए वाले मकान की ऊपरी मंजिल पर भीड़ और हंगामे देखकर सहमी हुई सुरेंद्र की मां रामबेटी देवी ने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और गांव वाले सब नाहक ही उसके खिलाफ भद्दा आरोप लगाकर उसे बदनाम करने में जुटे हैं। पुलिस ने भीड़ की नाराजगी को देखते हुए मकान के पास पिकेट लगा दी है।