लखीपुर खीरी के गल्ला व्यापारी राजेश गुप्ता से लूट उन्हीं के चालक नसीम के मुखबिरी करने पर हुई थी। शुक्रवार को क्राइम ब्रांच और रोजा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो लुटेरे दबोच लिए। पकड़े गए दोनों बदमाश लखीमपुर खीरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके पास लूट के रुपये, घटना में प्रयुक्त हुई बाइक और तमंचा बरामद हुआ। पुलिस ने व्यापारी के ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी कार्यालय सभागार में हुई प्रेसवार्ता में एसपी बबलू कुमार ने बताया कि लखीमपुर खीरी के थाना पसगवां क्षेत्र के गांव उचौलिया निवासी गल्ला व्यापारी राजेश गुप्ता 16 जनवरी को टाटा मैक्स से खरीददारी करने शाहजहांपुर में आ रहे थे। चकभिटरा के पास एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने 50 हजार रुपये लूट लिए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे को सीओ सदर अनुराग दर्शन के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और रोजा पुलिस को लगाया गया। बृहस्पतिवार रात क्राइम ब्रांच और रोजा पुलिस ने अटसलिया फाटक के पास से मुठभेड़ के बाद दो बदमाश दबोच लिए। जबकि उनका तीसरा साथी मौके से भा गया। पकड़े गए लुटेरों के पास से दो तमंचे, एक चाकू, लूटा गया मोबाइल, लूट में इस्तेमाल की गई बाइक और लूटे गए 28 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पकड़े गए बदमाशों में लखीमपुर खीरी के थाना मितौली क्षेत्र के गांव कुतुलपुर निवासी मिशकॉल पुत्र इशरार गद्दी, इसी क्षेत्र के गांव वीरमपुर निवासी इकरार पुत्र हसन अली हैं। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि व्यापारी राजेश के पास रुपये होने की जानकारी उनके ही चालक नसीम ने दी थी। उसी ने गाड़ी रोकने का स्थान भी बताया था। आरोपी चालक नसीम पुत्र शेर अली थाना पसगवां क्षेत्र के उचौलिया गांव का रहने वाला है। टीम में क्राइम ब्रांच प्रभारी हिमांशु निगम, हरेंद्र यादव, मेंहदी हसन, महेंद्र सिंह, रवि शंकर, प्रभारी निरीक्षक रोजा रुपेंद्र गौड़, एसआई महिपाल सिंह आदि शामिल रहे।
पुलिस ने पहले ही दिन जताया था शक
घटना के दिन ही पुलिस ने चालक नसीम पर शक जाहिर किया था। मगर गल्ला व्यापारी ने अपने चालक पर विश्वास जताया था, जिससे को छोड़ना पड़ा। पूछताछ में बदमाशों ने बताया था कि चालक नसीम की सूचना पर ही उन लोगों ने लूट को अंजाम दिया था।