अगर आपने किसी बैंक से टर्म लोन लिया है तो निश्चित अवधि से पहले ऋण की रकम चुकता नहीं करें वरना लेने के देने पड़ जाएंगे। मेडिकल उपकरण निर्माता कंपनी जी सर्जीवियर ने टर्म लोन समय से पहले अदा किया तो बैंक ऑफ बड़ौदा की चौक शाखा ने कंपनी पर 50 लाख की पेनाल्टी ठोंक दी और करोड़ों की प्रॉपर्टी के मूल कागजात भी बंधक बना लिए। शुक्रवार को जिला उद्योग बंधु की बैठक में मामला गरमाने पर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) पीके श्रीवास्तव ने भी बैंक अधिकारियों को आड़े हाथों लेते हुए प्रकरण जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मौजूद कंपनी के संचालक एवं आईआईए के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. घनश्याम दास अग्रवाल ने एडीएम को बताया कि उनकी कंपनी ने बॉब चौक ब्रांच की सेवाओं से संतुष्ट नहीं होकर वहां से लिए गए टर्म लोन की प्रीपेड अदायगी करके दूसरी बैंक की सेवाएं लेने की बैंक अफसरों से बात कही तो वे चिढ़ गए। इसी खुन्नस में बॉब ने उन पर अवैध तरीके से 50 लाख रुपये की पेनाल्टी डाल दी। यही नहीं, कंपनी की करीब 20 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी के मूल कागजात भी जब्त कर लिए जो मांगने पर भी दिए नहीं जा रहे।
इस मुद्दे पर उद्यमियों में इतना रोष रहा कि उनमें से कइयों ने बॉब से अपने खाते वापस ले लेंने की चेतावनी दी। डॉ. अग्रवाल ने यह भी कहा कि बैंक को 50 लाख रुपये की सिक्योरिटी अलग से दे देंगे, बशर्ते बैंक संपत्तियों के कागजात वापस लौटा दे। उद्यमियों ने एडीएम से सीधा सवाल किया कि क्या टम लोन का समय से पहले भुगतान करना कोई गुनाह है? इस पर एडीएम श्रीवास्तव ने संबंधित बैंक अधिकारी को यह मामला अगली बैठक से पहले हल करने के निर्देश दिए। बैठक में हरदोई रोड पर आवास विकास परिषद के भूमि अधिग्रहण में देरी, कोल्ड स्टोरेज लाइसेंस नवीनीकरण में जिला उद्यान अधिकारी के असहयोग आदि मुद्दे भी उठे।
इन मामलों में एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्यशैली सुधारने और उद्यमियों से सहयोग करके उद्योगों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में आईआईए के प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष अनिल गुप्ता, प्रकाश कलानी, रामचंद सिंघल, सज्जन गोयल, आरिफ जमाल खां, विश्वमित्र तलवाड़ आदि शामिल रहे।
सिंचाई बंधु की बैठक स्थगित
शाहजहांपुर। जिला सिंचाई बंधु समिति के पदेन सचिव एवं शारदा नहर खंड के एक्सईएन आरके शर्मा के अनुसार जिला पंचायत के सभागार में शनिवार को होने वाली जिला सिंचाई बंधु समिति की बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित हो गई। उन्होंने कहा कि बैठक की अगली तिथि जल्द तय की जाएगी।