शहर के ईदगाह मैदान में लगे रेमन सर्कस में बिजली चोरी की शिकायत पर पॉवर कारपोरेशन की विजिलेंस टीम ने बृहस्पतिवार की शाम छापा मारा तो अवैध कनेक्शन से सर्कस का रिंग और पंडाल जगमग मिला।
इस बावत सर्कस मालिक के खिलाफ सदर थाने में बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया गया है।
करीब एक सप्ताह पहले रेमन सर्कस ईदगाह मैदान पर लगाया गया, लेकिन बिजली कनेक्शन लिए बगैर सर्कस के स्टाफ ने 11 केवी लाइन से बिजली जोड़ ली। इसकी भनक लगने पर विजिलेंस इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने सर्कस पर छापा मारा तो वहां दस किलोवाट पॉवर बिजली अवैध रूप से जलती पाई। टीम में शामिल रहे जेई पीसी सागर के अनुसार अवैध कनेक्शन का केबिल जब्त किए जाने पर सर्कस के मैनेजर राजन नायर ने टीम को बताया कि अस्थायी कनेक्शन के लाइनमैन साबिर खां को निर्धारित शुल्क की रकम पहले से ही दे रखी है।
जेई सागर के अनुसार इस बावत पूछताछ किए जाने पर लाइनमैन साबिर खां ने सर्कस के कनेक्शन संबंधी कागजात दिखाने के बजाय मामले को रफादफा कराने के लिए कई लोगों से फोन कराकर मामले को दबाने की कोशिश शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि कानपुर निवासी सर्कस मालिक रजा खान और मैनेजर नायर के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा 137 के तहत अभियोग दर्ज कराने के साथ सर्कस पर एक लाख रुपये जुर्माना डाला गया है। जुर्माना की धनराशि मिलने पर पुलिस विवेचक स्तर से दर्ज रिपोर्ट पर एफआर लगाने का प्रावधान है।
जेई के छुट्टी पर होने से नहीं हो सका कनेक्शन
ककरा पॉवर सब स्टेशन के लाइनमैन साबिर खां ने बताया सर्कस मैनेजर से बिजली के अस्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन पहले ही मिल चुका था। विभाग के एक अन्य कर्मचारी को सर्कस वालों ने निर्धारित शुल्क भी दे रखा था, लेकिन सब स्टेशन के प्रभारी जेई अलंकृत मिश्रा के एक सप्ताह के अवकाश पर गए होने से कनेक्शन स्वीकृति में देरी हो गई।