संदिग्ध हालात में विवाहिता आग से झुलस गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर उसने दम तोड़ दिया। ससुराल वाले व मृतका के चाचा का कहना है कि उसने खुद आग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
क्षेत्र के गांव बनासदेवी में ब्याही 22 वर्षीय सविता पत्नी प्रमोद कुमार शनिवार रात संदिग्ध हालात में आग से झुलस गई। उसे रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतका के ससुर देवेंद्रपाल ने बताया कि सविता कहीं दूसरी जगह शादी करना चाहती थी, लेकिन उसके घर वालों ने उनके बेटे से शादी कर दी। उसे वह उसके मायके महुराइन से एक दिन पहले ही विदा कराकर लाए थे। उसने अपने मायके वालों से कहा भी था कि उसकी विदा मत करो, नहीं तो वह जान दे दी। ससुर ने बताया कि रात में अचानक उसने आग लगा ली। वहीं मृतका के चाचा नरेंद्र सिंह ने बताया कि उसकी भतीजी जिद्दी स्वभाव की थी और उसने खुद आग लगाकर जान दे दी। सविता के पिता राकेश की मौत हो चुकी है, मां मुन्नी देवी और उसने पालन-पोषण किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। सविता की शादी 28 अप्रैल को प्रमोद से हुई थी। एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आपस में विवाद हो गया था, उसी में आग लगा ली। फिलहाल इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर आएगी तो कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।