स्कूल टीचर की हरकतों से तंग आकर हाईस्कूल की एक छात्रा ने रविवार रात तालाब में कूदकर जान दे दी। परिजनों को मामले की जानकारी सुबह हुई। मृतका के पिता की ओर से पुलिस ने आरोपी शिशुपाल और उसके दोस्त जितेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मौत डूबने से हुई।
मृत किशोरी के पिता का कहना है कि जिस स्कूल में उसकी 15 वर्षीय बेटी पढ़ती थी, वहीं गांव का एक व्यक्ति टीचर है। वह बेटी को ट्यूशन भी पढ़ाता था। आरोप है कि वह छात्रा को बात करने के लिए परेशान करता था। अपने पास बुलाता था। कई बार मोबाइल पर कॉल करके भी उसे अपने पास आने को कहा। टीचर ने उसे कई बार नशे की गोलियां भी दीं। परेशान छात्रा ने रविवार को टीचर की हरकतों की परिवार को जानकारी दी। घर के लोग टीचर की शिकायत पुलिस से करते इसके पहले ही छात्रा ने जान दे दी।
पिता ने आरोप लगाया कि टीचर शिशुपाल की इस हरकत में गांव का ही जितेंद्र भी साथ देता था। सोमवार तड़के करीब चार बजे बेटी बिस्तर पर नहीं थी। उसकी तलाश की गई तो गांव के पास तालाब में उसका शव मिला। मृतका के शव का पोस्टमार्टम डॉ. मो. आसिफ, डॉ. एनपी सिंह, डॉ. किरन गुप्ता के पैनल ने किया। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। उसकी मौत डूबने से बताई गई है। दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड बनाई गई है।