पांच मार्च को खेलते समय गायब हो गया था रहमान
साथियों ने कहा था दो लोग उठाकर ले गए
बेहोश होने के कारण नहीं दे पा रहा सवालों का जवाब
पांच मार्च को पुवायां से गायब हुआ 13 वर्षीय रहमान बेहोशी की हालत में तिलहर के एलबीजेपी इंटर कॉलेज ग्राउंड में अचेत दशा में पाया गया। बेहोश होने के कारण वह कुछ भी नहीं बता पा रहा है। उसका निजी डॉक्टर से इलाज चल रहा है।
नगर के मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी उस्मान मंसूरी का 13 वर्षीय पुत्र रहमान मंसूरी पांच मार्च की दोपहर लापता हो गया था। वह घर से खेलने की बात कहकर गया था। देर शाम तक घर नहीं लौैटने पर रहमान के साथ खेलने गए मोहल्ले के ही उसके दो साथियों ने उस्मान को बताया था कि दो लोग रहमान को पकड़ कर ले गए हैं। इसके बाद उस्मान ने पुलिस को तहरीर देकर पुत्र का पता लगवाने की मांग की थी।
मंगलवार सुबह पता चला कि रहमान अपने रिश्ते के नाना तिलहर के मोहल्ला बहदुल्लागंज निवासी पुत्तन के यहां है। सूचना पाकर उस्मान सहित परिवार के लोग तिलहर पहुंचे। पुत्तन ने बताया कि रहमान रात भर बेहोशी की हालत में तिलहर के एलबीजेपी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पड़ा रहा। सुबह जानकारी पर वह मौके पर पहुंचे तो उन्होंने उस्मान को पहचाना और घर ले लाए। परिवार के लोग रहमान को पुवायां ले आए हैं। रहमान अब भी बेहोश है। वह किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे पा रहा है। उसका निजी डॉक्टर से इलाज चल रहा है।
पुलिस रहमान के ठीक से होश में आने का इंतजार कर रही है। समझा जाता है कि रहमान को उसके खास लोग ही उठा कर ले गए थे। उसे अगवा करने वालों को रहमान की रिश्तेदारी आदि का भी पता है। रहमान को पुवायां से अगवा किए जाने के बाद कोई फिरौती आदि नहीं मांगे जाने और नाना के घर के पास छोड़े जाने से तमाम सवाल खड़े हो गए हैं। रहमान के होश में आने पर ही पूरे मामले से पर्दा उठने की संभावना है। पुलिस इन सवालों का जवाब तलाश रही हैै कि अगवा करने वाले उसे तिलहर क्यों ले गए और रिश्ते के नाना के घर के पास क्यों छोड़ा, रहमान को ले जाने वालों ने उसे इतनी दूर तक ले जाने का खतरा क्यों उठाया, उसे रंजिशन अगवा किया गया था कि अगवा करने के पीछे मकसद फिरौती था। कोतवाली प्रभारी अशोक पाल सिंह ने बताया कि रहमान की हालत ठीक होने और उसके जवाब देने से पूरा मामला सुलझ सकेगा।