सब्जी मंडी में ठेला लगाने को लेकर उपजे विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें एक सब्जी आढ़ती लहुलूहान हो गया। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन चुटैल पक्ष के लोगों ने थाने की हवालात में ही आरोपी को गाली-गलौज कर पीटने का प्रयास किया। पुलिस ने रोका तो उसके साथ भी जमकर अभद्रता की गई। आक्रोशित लोगों ने थाने में आरोपी के भाई के पिटाई कर दी और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
रोजा सब्जी मंडी में खालिद और रामसेवक की आढ़ते हैं, जो सब्जी का कारोबार करते हैं। बुधवार को दुकान के सामने ठेला खड़ा करने के विवाद में दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। देखते ही देखते लाठी और डंडे चलने लगे। इसमें खालिद के सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा।
सूचना पर पुलिस मौके पर गई आरोपी रामसेवक को पकड़कर थाने की हवालात में कर दिया। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन चुटैल पक्ष के करीब दो दर्जन लोग रोजा थाने पहुंचे हवालात में बंद रामसेवक को गालियों देते हुए मारपीट पर आमादा हो गए।
यह बात पहरे पर खड़े संतरी और मौके पर तैनात दरोगा को नागवार लगी। उसने डांटकर हवालात से हटाने का प्रयास किया तो आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर ही आस्तीनें खींचने लगे। इसी बीच वहां पैरवी में आए आरोपी रामसेवक के भाई रामविलास को आक्रोशित भीड़ ने पीट दिया। किसी तरह से एसएसआई ओपी गौतम ने स्थिति को संभाला। घटना के समय प्रभारी निरीक्षक सरकारी काम से शहर आए हुए थे। पुलिस ने चुटैल खालिद की तहरीर पर रामसेवक, भीमसेन सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया है, जहां उसको जमानत मिल गई है।
मंडी में दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें एक पक्ष चुटैल हुआ है, जिसकी रिपोर्ट दर्ज की गई है। कुछ लोगों ने माहौल को बिगाड़ने का काम किया है, जिनको चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।
- वीके मिश्रा, प्रभारी थाना रोजा
आक्रोशित लोगों ने दिखाया कानून को ठेंगा
बुधवार को रोजा सब्जी मंडी में मारपीट के बाद जिस तरह से आक्रोशित लोगों ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए आरोपी को हवालात में गाली गलौज कर मारपीट का प्रयास किया और पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के भाई को पीटा उससे साफ है कि एक वर्ग विशेष के लोगों में अब कानून का कोई खौफ नहीं रह गया। जिस तरह से दरोगा से साथ अभद्रता की गई उससे लगता है कि अब खाकी उनके लिए कोई मायने नहीं रखती। यदि ऐसा है तो जिला प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय पुलिस को भी थोड़ा सख्त बनना पड़ेगा।