सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव नगरिया बुजुर्ग निवासी 38 वर्षीय सरजू सिंह बुधवार दोपहर पत्नी गीता देवी के साथ बाइक से पुवायां से शाहजहांपुर की ओर जा रहा था। गीता देवी के अनुसार बड़ागांव के पास पति के पास किसी का फोन आया तो सरजू ने बिजली उप केंद्र से आगे ईंट भट्ठे के पास बाइक रोक दी। इस बीच गीता लघुशंका करने चली गई।
गीता के अनुसार पीछे से एक बाइक पर तीन लोग आए और उसके पति से बात करने लगे। बातचीत के दौरान ही बाइक से आए तीनों लोग उसके पति से मारपीट करने लगे। उसके शोर मचाने पर एक युवक ने तमंचा निकालकर पति की कनपटी से सटाकर गोली मार दी और पति के पास से बैग लूट कर शाहजहांपुर की ओर भाग निकले। भट्ठे के श्रमिकों ने बाइक सवार लोगों को घेरने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकलने में सफल रहे। हाइवे पर सरेराह युवक को गोली मारे जाने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ उमेश शर्मा, कोतवाली प्रभारी राजीव मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
एसपी डॉ. मनोज कुमार, एएसपी सिटी राजेश कुमार भी घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना करने के साथ ही हत्या के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। युवक की मौत से परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है। परिवार के लोग गावं के कई लोगों के साथ जिला अस्पताल के लिए रवाना हो गए हैं।