घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। संतोष का छोटा बेटा आकाश सिंह उर्फ गुड्डू पड़ोसी मोमिन उर्फ बिल्लू की बारात में खीरी के उचौलिया गया था। वहीं उसे शाम छह बजे पड़ोसी से मां की हत्या की सूचना मिली। वह कार से कुछ ही देर बाद घर पहुंचा तो दरवाजे के पास मां की लाश पड़ी पाई। आकाश ने अपने पिता को फोन करके भावलखेड़ा से बुलाया। साथ ही पुलिस को सूचना दी। इस पर एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ सिटी अनुराग वत्स और सदर बाजार थाना के इंस्पेक्टर जेपी तिवारी मौके पर पहुंचे। आकाश ने पुलिस को बताया कि उसके बड़े भाई महेंद्र उर्फ हीरो की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उसका चालचलन ठीक नहीं था, तीन साल पहले पिता और मां को बुरी तरह पीटा था। उसके बाद माता-पिता ने महेंद्र को पारिवारिक संपत्ति से विधिक तौर पर बेदखल करके घर से निकाल दिया था। तब से वह बेरोजगारी की हालत में अपनी पत्नी के साथ आरसी मिशन थाना क्षेत्र में स्थित मिश्रीपुर में किराए के कमरे पर रह रहा था।
पुलिस ने घटना के बाद मिश्रीपुर में इसी कमरे पर दबिश दी, मगर महेंद्र वहां नहीं मिला। इस बीच पुलिस और फोरेंसिक टीम ने खून से सनी टूटी चूड़ियां और अन्य सामान जांच के लिए कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।