खुटार के बोलेरो चालक सोनपाल के गायब होने पर मुख्य चौराहे पर जाम लगाने के मामले में खुटार पुलिस ने दस माह बाद चार्जशीट तैयार कर सीओ दफ्तर भेज दी है, लेकिन लंबी विवेचना के बाद भी चार्जशीट में आरोपी बनाए गए तीन लोगों के पिता का नाम गलत लिखा गया है, जबकि एक आरोपी के नाम का कोई व्यक्ति ही मोहल्ले में नहीं रहता है। इससे साफ है कि विवेचक ने ठीक तरह से जांच करने की जरूरत नहीं समझी और विवेचना ऐसे ही पूरी कर सीओ को भेज दी।
खुटार के मोहल्ला पूर्वी गढ़ी निवासी निवासी बोलेरो चालक सोनपाल 16 जून 14 को बुकिंग पर वाहन लेकर नैनीताल गए थे। उनके वापस नहीं आने पर पिता सकटेलाल ने वाहन ले जाने वाले गांव हीरपुर के हरजिंदर सिंह के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चालक के परिवार वालों ने आरोपी और पुलिस के बीच साठगांठ का आरोप लगाते हुए 29 जून 14 को खुटार के मुख्य चौराहे पर चक्का जाम किया था। एसपी ने 29 जून को ही खुटार के तत्कालीन एसओ रजी अहमद को निलंबित कर दिया। निलंबन से पहले रजी अहमद ने 19 लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 336, 353, 186, 189, 341, 504, 506, 427 आईपीसी और 7 क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। खुटार के वर्तमान थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने मामले की विवेचना कर 25 अप्रैल, 15 को चार्जशीट दाखिल की। रिपोर्ट में नामजद सभी 19 लोगों को आरोपी बनाया गया और सभी धाराएं भी बरकरार रखी गई हैं।
क्या हैं खामियां
1. चार्जशीट में खुटार के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी नवनीत दीक्षित पुत्र राधेश्याम दीक्षित का नाम है।
0 मोहल्ला इंदिरानगर में नवनीत दीक्षित पुत्र राधेश्याम दीक्षित नाम का कोई व्यक्ति नहीं है। एक नवनीत दीक्षित हैं लेकिन उनके पिता का नाम रामनरेश दीक्षित है।
2. चार्जशीट में मोहल्ला पूर्वी गढ़ी के रामकिशोर पुत्र अंगने को आरोपी बनाया गया है।
0 मोहल्ला पूर्वी गढ़ी में रहने वाले रामकिशोर के पिता का नाम सकटे है। रामकिशोर पुत्र अंगने नाम का कोई व्यक्ति इस मोहल्ले में नहीं है।
3. चार्जशीट में मोहल्ला कोट के जसवीर सिंह के पुत्र अमनदीप सिंह को भी आरोपी बनाया गया है।
0 इस मोहल्ले में रहने वाले जसवीर सिंह के पुत्र का नाम अमरदीप सिंह है। अमनदीप पुत्र जसवीर सिंह नाम का कोई व्यक्ति यहां नहीं रहता है।
4. चार्जशीट में मोहल्ला नरायनपुर के खेमकरन गुप्ता के पुत्र विनय गुप्ता को भी आरोपी बनाया गया है।
0 नरायनपुर के खेमकरन गुप्ता के किसी पुत्र का नाम विनय नहीं है। एक विनय गुप्ता हैं, लेकिन उनके पिता का नाम सत्यपाल गुप्ता है।
हो सकता है लिख गया हो गलत
हो सकता है नाम गलत लिख गए हों। आज मैं बाहर हूं। इस कारण सही जानकारी नहीं दे सकता हूं। चार्जशीट देखने के बाद ही सही बात पता लग सकेगी।
-राजेश सिंह, एसओ खुटार