तिलहर में मशहूर शायर सैय्यद मीर सोज की नेशनल हाईवे के किनारे मोहल्ला हिंदूपुरी स्थित बरसों पुरानी मजार के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। हाईवे को फोरलेन बनाने के लिए हो रहे चौड़ीकरण के दायरे में मजार आती देख वहां के एक नागरिक ने सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड के चेयरमैन को गुहार लगाई। वक्फ बोर्ड के निर्देश पर सहायक सर्वे आयुक्त (वक्फ) ने तिलहर के एसडीएम से मजार की यथा स्थिति बनाए रखने को कहा है।
दरअसल, मरहूम शायर सोज की मजार सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की प्रापर्टी है और वहां के अभिलेखों में वक्फ संपत्ति क्रमांक 447 पर दर्ज है। हाल ही में फोरलेन के लिए अधिग्रहीत जमीन से पक्के निर्माण ढहाने का सिलसिला शुरू हुआ तो उसके दायरे में मजार भी आ गई। स्थानीय प्रशासन को मजार हटाने पर आमादा देख वहां के मोहल्ला चौहटिया के रहने वाले फुरकान ने इसकी शिकायत वक्फ बोर्ड को लिख भेजी।
फुरकान के पत्र का संज्ञान लेते हुए वक्फ बोर्ड के सहायक सचिव आले अतीक ने डीएम और अपर सर्वे वक्फ आयुक्त को पत्र भेजकर दिशा निर्देश दिए तो यहां का सरकारी अमला हरकत में आ गया। बोर्ड के सहायक सचिव ने दोनों अफसरों को भेजे पत्र में कहा है कि दरगाह (मजार) की सुरक्षा करने और उसे ध्वस्त होने से बचाने के लिए अपने स्तर से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके अनुपालन में प्रभारी अपर सर्वे आयुक्त वीरपाल ने तिलहर के एसडीएम को भेजे पत्र में उच्चाधिकारियों के आदेश का हवाला देते हुए मजार की यथा स्थिति बनाए रखने की अपेक्षा की है।