जाम का कारण बने डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई करने की बजाए एक सिपाही ने अपने साथी की मदद से दवा लेने जा रहे कवि को पीटकर घायल कर दिया। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है। एसडीएम को भी पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है।
गांव धारा निवासी कवि प्रदीप बैरागी ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह बाइक से दवा लेने पुवायां जा रहे थे। जेबा चौराहे पर डग्गामार वाहनों के चालक रोड पर ही वाहन खड़े कर सवारियां भर रहे थे। इससे चौराहे पर जाम लग गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी जाम में फंस गई। इस पर फायर ब्रिगेड का सिपाही संदीप कुमार अपने एक साथी को लेकर गाड़ी से उतरा और प्रदीप को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने और परिचय देने पर सिपाही ने गाली गलौज करते हुए फिर से पीटना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों ने प्रदीप को बचाया। प्रदीप ने सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग की है। उधर, सिपाही संदीप ने मारपीट के आरोप से इनकार किया है।