थाना रोजा क्षेत्र के गांव सिसौआ में रहने वाले 22 वर्षीय सत्तार खां की शुक्रवार को दो बाइक की भिड़ंत में मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा उनका साथी घायल हो गया। इधर, हथौड़ा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक ने दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दो लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव सिसौआ निवासी मसीतउल्ला खां के इकलौते बेटे सत्तार गांव में ही मोबाइल शॉप चलाते थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे सत्तार अपने दोस्त इग्गन खां के साथ बाइक से शहर आ रहे थे। सत्तार को शहर में कुछ दवाई और दुकान का सामान लेना था। पड़रा सिकंदरपुर और शाहबाद रोड पर गांव दुयरास की मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से सत्तार की बाइक भिड़ गई। हादसे में सत्तार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा इग्गन घायल हो गया। घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से फरार हो गया। हादसे में इग्गन की एक आंख चली गई। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला किला में रहने वाले ट्रक मिस्त्री अपनी बाइक से अपने नौकर मुईन के साथ हथौड़ा गांव के पास एक ट्रक ठीक करने गए थे। वह सड़क किनारे खड़े हुए थे, तभी पीछे से आई एक बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।