थाना मदनापुर क्षेत्र में गांव बन्नू नगरिया के पास कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर रविवार की दोपहर गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का एक्सल टूटने से पलट गई, जिसमें दबकर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए। हादसे के समय पीछे से आ रही एक और ट्रैक्टर-ट्रॉली बचाने के प्रयास में उसका ट्रैक्टर पलट गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बरेली भेजा गया है। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
थाना खुदागंज क्षेत्र के गांव नवादा तालुके हरदेनी के रहने वाले करीब 50 लोग रविवार को नरपाल फौजी की ट्रैक्टर-ट्रॉली से मंगलवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर गांव बन्नो नगरिया के पास ट्रैक्टर के अगले पहिए का एक्सल टूट गया। जिससे असंतुलित होकर ट्रॉली पलट गई। इसी बीच गांव खड़सार की पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बचाने का प्रयास किया, वह भी पलट गया। हादसे में गांव के 70 वर्षीय हरपाल और किशन लाल की 65 वर्षीय पत्नी राजकोरी की मौत हो गई। जबकि 24 लोग घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे में घायल हुए लोग
अरविंद, राजनाथ, मिथिलेश, रामलखन, राजपति, सोमवती, ममता, प्रियांशु, सुनीता, क्रांति, उपासना, मानेश्वरी, शिवानी, उल्फत, गोलू, सुमित, आशीष, सरोजा और अरविंद हैं। इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गंभीर घायल भेजे गए बरेली
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए पांच लोगों को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें लेखराज, ज्ञानबहादुर, रामनरेश, रामदेयी और मोनिका हैं।