कस्बे की रामनगर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सोनू मिश्रा और उसके साथी लखीमपुर के थाना हैदराबाद के गांव शेरपुर निवासी निवासी प्रदीप तिवारी उर्फ डब्बू की गोला थाना क्षेत्र में लूट की वारदात करके भागते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पर कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। जानकारी मिलने पर सोनू के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोग शव लेने लखीमपुर रवाना हो गए हैं।
पिता श्रीकांत की करीब बारह साल पहले मौत के बाद सोनू ने अपराध करना शुरू कर दिया था। वर्ष 2010 में बंडा थाने की पुलिस ने उसके पास से चोरी की बाइक बरामद की थी। इसके अलावा उस पर सीतापुर जनपद के थाना हरगांव में 397, 395, 412, 213 आर्म्स एक्ट की धारा 25, गैंगेस्टर एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज हैं। वह प्रदीप तिवारी उर्फ डब्बू के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था। रविवार की रात लगभग 11 बजे दोनों बदमाशों ने गोला में अलीगंज रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास गांव कंधरापुर निवासी इंद्रपाल को तमंचों की बट से पिटाई करके नगदी लूट ली। गोला पुलिस के अनुसार बदमाश किसी दूसरी वारदात की फिराक में थे। इसी बीच लखीमपुर रोड पर गांव रजौरा मोड़ के पास लगभग 12 बजे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें दोनों बदमाशों की मौके पर ही मौत हो गई। सोनू के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हो सकी। सोनू के घर में पत्नी मोनी, तीन वर्षीय पुत्र अंश, 15 वर्षीय भाई आशुतोष और मां गीता देवी हैं।