कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वर्कजई में सोमवार की रात असलहाधारी बदमाशों ने रिटायर्ड शिक्षक कृष्ण मुरारी सक्सेना के परिवार को बंधक बनाकर जेवर और नगदी लूट ली। घटना की तहरीर मिलने का कोतवाली पुलिस ने चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।
मूल रूप से थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव बौरी-बौरा निवासी कृष्ण मुरारी सक्सेना शिक्षक के पद से रिटायर हुए थे। हाथपैर से लाचार कृष्ण मुरारी अपने बेटे राजीव सक्सेना के परिवार के साथ मोहल्ला वर्कजई में रहते हैं। सोमवार की रात करीब एक बजे घर की दीवार फांदकर पांच-छह असलहाधारी बदमाश उनके घर में घुस आए। बदमाशों ने बरामदे में सो रहे किराएदार सुधीर के सिर पर रायफल रख दी और मकान मालिक के बारे में पूछने लगे। सुधीर डर की वजह से बदमाशों को बरामदे की दूसरी तरफ से रहे राजीव के पास ले आया। बदमाशों ने असलहा दिखाते हुए सुधीर, राजीव और पड़ोस में सो रहे उनके बेटे हिमांशु के हाथपैर बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने राजीव से कमरे का दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर सो रही उनकी पत्नी सुशीला ने दरवाजा खोला तो बदमाशों ने उन्हें और छोटे बेटे प्रियांशु को असलहों की नोक पर ले लिया। बदमाशों सुशीला को छोड़कर सभी को बंधक बनाकर कमरे के एक कोने में बैठा दिया। इसके बाद असलहा दिखाकर सुशीला से बक्से और अलमारी की चाबी ले ली। बदमाशों ने बक्से और अलमारी से नगदी और जेवर निकाल लिए। लूटपाट करने के बाद बदमाश सुशीला से मकान के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला खुलवाकर भाग गए। बदमाशों ने उसे शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों के जाने के बाद पुलिस सौ नंबर पर सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस पूछताछ करके रिपोर्ट दर्ज कर ली।