सरहिंद-पटियाला रोड स्थित गांव खरोड़ा में सोमवार की रात चोरों ने ठेके अंग्रेजी शराब की 156 पेटियां पार कर दीं। साथ वाली दुकान में सो रहे ठेके के कारिंदों को घटना की भनक तक नहीं लगी।
चोर महंगे ब्रांड की शराब ले गए। सस्ते और देशी शराब की पेटियों को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंचे डीएसपी फतेहगढ़ साहिब गुरदीप सिंह गौसल ने बताया चोरों ने ठेके का शटर तोड़कर घटना को अंजाम दिया है और इस घटना को अंजाम देने के लिए किसी हल्के वाहन का उपयोग किया है। ठेके के कारिंदों के मुताबिक वह रात को साथ वाली दुकान में ही सो रहे थे।
सुबह सोकर उठने पर ठेके के शटर का ताला टूटा मिला और बड़ी संख्या में मंहगी शराब की पेटियां गायब थीं। इस पर उसने इसकी सूचना मालिकों को फोन पर दी। ठेकेदार अमित ठाकुर ने बताया की चोरों ने करीब 156 पेटियां अंग्रेजी शराब चोरीं की हैं, जिसकी कीमत लाखों में है उन्होंने ने आशंका जताई की यह किसी जान पहचान वाले व्यक्ति का काम है। डीएसपी ने बताया कि मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।